Friday, September 11, 2026

तंत्र-मंत्र का झांसा देकर महिला से सोने के बुंदे लेकर पांच के दो सिक्के थमा गए ठग

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: August 28, 2026

तंत्र-मंत्र का झांसा देकर महिला से सोने के बुंदे लेकर पांच के दो सिक्के थमा गए ठग

जागरण टुडे, बरेली

उत्तर प्रदेश के जनपद बरेली के फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र में शुक्रवार 28 अंगस्त को दिनदहाड़े बाइक सवार युवकों ने एक महिला को ठग लिया। लखनऊ-दिल्ली हाईवे स्थित शंखा पुल के पास दो बाइक सवारों ने रिश्तेदार की मौत पर शोक जताने जा रही महिला को मदद का झांसा दिया। आरोप है कि एक युवक ने खुद को मौलाना बताकर महिला को तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक के जाल में फंसाया और उसके कानों से सोने के बुंदे उतरवा लिए। इसके बाद आरोपी ने बुंदों को कागज की पुड़िया में बांधकर महिला को थमा दिया। जब महिला ने पुड़िया खोली तो उसमें सोने के बुंदों की जगह पांच-पांच रुपये के दो सिक्के निकले। ठगी का अहसास होते ही महिला के होश उड़ गए। पीड़िता की सूचना पर 112 और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में कई टीमें लगाईं, लेकिन दोनों बाइक सवार फरार हो चुके थे।

रिश्तेदार की मौत पर जा रही थी महिला

पुलिस के अनुसार, सिरौली थाना क्षेत्र के गांव कल्याणपुर निवासी अमरसी बेगम पत्नी भुरे खां अपनी ननद के साथ केशोपुर गांव जा रही थीं। दोनों एक रिश्तेदार बूंदन खां की मौत पर शोक जताने के लिए निकली थीं।

सवारी से शंखा पुल पर उतरने के बाद दोनों पैदल केशोपुर की तरफ बढ़ रही थीं। इसी दौरान पीछे से दो बाइक सवार युवक पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने मदद की पेशकश करते हुए महिला और उसकी ननद को अपनी-अपनी बाइक पर बैठा लिया।

ननद आगे निकली, महिला को स्कूल के पास ले गया आरोपी

एक बाइक पर बैठी महिला की ननद को लेकर युवक आगे निकल गया, जबकि दूसरी बाइक पर अमरसी बेगम को लेकर आरोपी एक विद्यालय के पास पहुंचा। आरोप है कि यहां युवक ने महिला को परेशान देखकर उससे बातचीत शुरू की और खुद को मौलाना बताया।

युवक ने महिला को ऊपरी हवा और परेशानियों से निजात दिलाने का भरोसा दिया। तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक का झांसा देकर उसने महिला के कानों में पहने सोने के बुंदे उतरवा लिए।

कागज की पुड़िया में सोना नहीं, निकले दो सिक्के

आरोपी ने कथित तौर पर सोने के बुंदों को कागज में लपेटा और रबर बैंड लगाकर पुड़िया तैयार कर दी। महिला से कहा गया कि इसे पानी में घोलकर पिलाने से घुटनों का दर्द और दूसरी परेशानियां दूर हो जाएंगी। साथ ही पुड़िया कुछ देर तक नहीं खोलने की हिदायत दी गई।

इसके बाद आरोपी महिला को केशोपुर गांव के पास छोड़कर फरार हो गया। कुछ देर बाद महिला ने जब पुड़िया खोली तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। पुड़िया में सोने के बुंदों की जगह पांच-पांच रुपये के दो सिक्के रखे थे। महिला को तत्काल समझ आ गया कि उसके साथ ठगी हो चुकी है।

112 पर दी सूचना, कई टीमें तलाश में जुटीं

ठगी का पता चलते ही महिला ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पीआरवी और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के इलाके में आरोपियों की तलाश शुरू की और कई टीमें गठित कर संभावित रास्तों और ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन दोनों बाइक सवार हाथ नहीं आए।

पुलिस अब आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है। बाइक और आरोपियों के हुलिए के आधार पर उनकी तलाश की जा रही है।

पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट के निर्देश

सीओ हाईवे देवेश सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर स्थानीय पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना ने एक बार फिर झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों को ठगने वाले गिरोहों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब यह भी जांच करेगी कि दोनों आरोपी किसी बड़े गिरोह से जुड़े हैं या इलाके में अकेले ही इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.