बदायूं। मूसाझाग थाना क्षेत्र के ग्राम गुरगांव में राजकीय हाईस्कूल के मुख्य द्वार से महज करीब 10 मीटर की दूरी पर संचालित शराब के ठेके को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। विद्यालय के बेहद नजदीक शराब की दुकान संचालित होने से विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं की सुरक्षा और विद्यालय के शैक्षिक माहौल को लेकर अभिभावकों ने चिंता जताई है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को पुनः प्रार्थना पत्र देकर शराब के ठेके को विद्यालय से दूर किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय के मुख्य द्वार के पास शराब का ठेका होने के कारण सुबह से ही वहां शराब का सेवन करने वालों का जमावड़ा लगने लगता है। इसके चलते आए दिन शोर-शराबे और अन्य अवांछनीय गतिविधियों की स्थिति बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को ऐसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है, जिससे अभिभावकों में विशेषकर छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है।
ग्रामवासियों ने बताया कि विद्यालय की प्रधानाचार्या की ओर से भी इस समस्या को लेकर पूर्व में 16 जुलाई 2026 को जिलाधिकारी को शिकायती प्रार्थना पत्र दिया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों ने दोबारा प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित कराया है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले की सक्षम अधिकारियों से जांच कराकर विद्यालय के मुख्य द्वार के पास संचालित शराब के ठेके को जनहित और छात्रहित में तत्काल किसी दूसरे स्थान पर स्थानांतरित कराया जाए। उनका कहना है कि विद्यालय के आसपास शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण होना विद्यार्थियों की शिक्षा के लिए बेहद जरूरी है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो समस्त ग्रामवासी शांतिपूर्ण एवं नियमानुसार धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन को विद्यार्थियों की सुरक्षा और शिक्षा के माहौल को देखते हुए मामले में तत्काल प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।
इस मौके पर पूर्व प्रधान सूरज पाल शाक्य, नरविंदर सिंह, धर्मेंद्र, राजेंद्र, प्रेमचंद, जितेंद्र, अमन, ओम पाल, श्याम लाल समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।