Saturday, September 12, 2026

मिशन शक्ति: महिलाओं-बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: September 3, 2026

मिशन शक्ति: महिलाओं-बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

जागरण टुडे, शाहजहांपुर

महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर शाहजहांपुर पुलिस की ओर से मिशन शक्ति अभियान के तहत लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने स्कूल-कॉलेज, बाजार, सार्वजनिक स्थलों और अन्य प्रमुख स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी।

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने महिला अपराध, छेड़छाड़, घरेलू हिंसा और साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए। महिलाओं और बालिकाओं से कहा गया कि किसी भी तरह की घटना होने पर डरने या चुप रहने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि शिकायत मिलने पर प्राथमिकता के आधार पर सुनवाई करते हुए निष्पक्ष और संवेदनशील कार्रवाई की जाएगी।

हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

जागरूकता कार्यक्रमों में महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी बताया गया। पुलिस ने महिला हेल्पलाइन 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, आपातकालीन सेवा यूपी-112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 पर संपर्क करने की जानकारी दी।

पुलिस टीमों ने महिलाओं को अपनी समस्याएं बिना किसी भय के पुलिस के सामने रखने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्हें साइबर अपराध से बचने के लिए अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने के प्रति भी सावधान किया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ ही उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। अभियान के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.