जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
पटियाली तहसील के गंजडुंडवारा ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम दुलाई में पेयरिंग के नाम पर बंद किए गए प्राथमिक विद्यालय को दोबारा खुलवाने की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी ने आवाज बुलंद की। शनिवार को सपा के अभियान ‘खुलेगा स्कूल तो पढ़ेगा पीडीए’ के तहत सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी ने ग्रामीणों के साथ प्रदर्शन किया, वहीं पटियाली विधानसभा क्षेत्र की सपा विधायक नादिरा सुल्तान ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ विद्यालय को लेकर प्रदर्शन कर सरकार से स्कूल को पुनः संचालित कराने की मांग की। दोनों नेताओं ने कहा कि दुलाई के प्राथमिक विद्यालय को जिस चिरोला गांव के विद्यालय से पेयर किया गया है, वह करीब तीन किलोमीटर दूर है। ऐसे में छोटे बच्चों के लिए रोजाना इतनी दूरी तय कर पढ़ने जाना बेहद कठिन है।
अब्दुल हफीज गांधी बोले- स्कूल बंद करना समाधान नहीं
अब्दुल हफीज गांधी ने कहा कि दुलाई के प्राथमिक विद्यालय को पेयरिंग के नाम पर बंद करना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है। जिस विद्यालय से इसे जोड़ा गया है, वह चिरोला गांव में करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित है। छोटे-छोटे बच्चे इतनी दूरी तय कर स्कूल कैसे जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालय बंद होने का सबसे अधिक असर गरीब और ग्रामीण परिवारों के बच्चों पर पड़ेगा, क्योंकि ऐसे परिवार निजी स्कूलों की महंगी फीस वहन करने की स्थिति में नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार को विद्यालय बंद करने के बजाय सरकारी शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना चाहिए। स्कूलों में पर्याप्त शिक्षक, संसाधन और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। पेयरिंग और विलय के नाम पर विद्यालयों को बंद करने से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की पहुंच प्रभावित हो रही है। यदि गांव में प्राथमिक विद्यालय ही नहीं रहेगा तो छोटे बच्चों और गरीब परिवारों के बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा।
गांधी ने कासगंज के जिलाधिकारी से दुलाई के प्राथमिक विद्यालय का तत्काल संज्ञान लेकर उसे पुनः संचालित कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि गांव के बच्चों को उनके घर के पास गुणवत्तापूर्ण प्राथमिक शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।
गांधी के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में विद्याराम शाक्य, असलम अंसारी, राजकुमार मिश्रा, सत्यवीर सिंह, पुष्पेंद्र शाक्य, विजय सिंह, शैलेंद्र सिंह, फूल सिंह शाक्य, चेतराम, हुकुम सिंह, अनार सिंह, रूप किशोर मिश्रा, राजपाल शाक्य, सुरेंद्र सिंह, शिशुपाल, दिनेश कुमार, नरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
विधायक नादिरा सुल्तान ने भी उठाया स्कूल बंद होने का मुद्दा
इधर पटियाली विधानसभा क्षेत्र की सपा विधायक नादिरा सुल्तान ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ दुलाई के प्राथमिक विद्यालय को लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि गांव के विद्यालय को पेयरिंग के नाम पर बंद किए जाने से सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों को होगी। चिरोला में करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित विद्यालय तक बच्चों का रोजाना पहुंचना आसान नहीं है।
विधायक ने कहा कि सरकार को ग्रामीण बच्चों की सुविधा और उनके शिक्षा के अधिकार को ध्यान में रखते हुए दुलाई के प्राथमिक विद्यालय को पुनः संचालित कराने की दिशा में कदम उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक विद्यालय बच्चों की शिक्षा की पहली कड़ी हैं। इन्हें बंद करने के बजाय वहां बेहतर शैक्षिक सुविधाएं और पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध कराने की जरूरत है।
विधायक नादिरा सुल्तान के साथ प्रदर्शन में असहाब हुसैन, पुष्पेन्द्र यादव सहित कई सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने विद्यालय को दोबारा खुलवाने की मांग को लेकर आवाज उठाई और सरकार से ग्रामीण बच्चों के हित में निर्णय लेने की मांग की।