जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
निदा पब्लिक स्कूल गंजडुंडवारा में शुक्रवार को शिक्षक दिवस उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके योगदान और मार्गदर्शन को याद किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। बताया गया कि भारत में प्रत्येक वर्ष 5 सितंबर को देश के प्रथम उपराष्ट्रपति एवं महान दार्शनिक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर शिक्षक दिवस मनाया जाता है। यह दिवस राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों के अमूल्य योगदान, समर्पण और उनके प्रति सम्मान प्रकट करने का अवसर है।
इस दौरान विधालय के संस्थापक तारिक महमूद ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उन्हें बेहतर नागरिक और जिम्मेदार इंसान बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। डॉ. राधाकृष्णन का मानना था कि देश के सबसे अच्छे दिमागों को शिक्षक होना चाहिए।
इस अवसर पर विद्यालय में विद्यार्थियों ने शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, मेहनत और संस्कारों के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।