जागरण टुडे,मीरगंज (बरेली)।
जनपद बरेली के थाना मीरगंज क्षेत्र के ग्राम समसपुर में पेट दर्द की शिकायत पर उपचार कराने गई 20 वर्षीय नवविवाहिता की मौत हो गई। परिजनों ने गांव के ही एक झोलाछाप पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम समसपुर निवासी लीलाधर की पत्नी बबली (20) को शनिवार रात करीब तीन बजे अचानक पेट में दर्द हुआ। परिजन उसे गांव के ही योगराज पुत्र रामचरन के पास उपचार के लिए ले गए। परिजनों का आरोप है कि उपचार के दौरान योगराज ने बबली को इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगने के कुछ समय बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी।
परिजनों के मुताबिक, हालत लगातार खराब होने के बाद सुबह करीब सात बजे बबली की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 के माध्यम से पुलिस को जानकारी दी गई। सूचना पर मीरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच की।
पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके। पुलिस ने फील्ड यूनिट को भी सूचना दे दी है। प्रभारी निरीक्षक के अनुसार, तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच कर साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था सामान्य है।