जलस्तर बढ़ा होने से गहरे पानी में चले गए दोनों बच्चे, दो घंटे बाद कैमुआ रेलवे पुल के पास मिले शव
निगोही थाना क्षेत्र के पतराजपुर गांव में सोमवार को नदी में नहाने गए दो दोस्तों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान गांव निवासी विनय (12) और करन (11) के रूप में हुई। दोनों घर से सब्जी तोड़ने के लिए निकले थे। नदी के पास पहुंचने पर नहाने के लिए पानी में उतर गए और बढ़े जलस्तर के कारण गहरे पानी में चले गए।
दोनों बच्चों को नदी में डूबता देखकर आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और उनके परिजनों को सूचना दी। खबर मिलते ही परिवार के लोग और ग्रामीण नदी किनारे पहुंच गए। सूचना पर निगोही पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से बच्चों की तलाश शुरू कराई।
नदी का जलस्तर अधिक होने के कारण गोताखोरों को तलाशी अभियान में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद कैमुआ रेलवे पुल के पास नदी से दोनों बच्चों के शव बरामद किए गए।
शव बाहर निकाले जाने के बाद दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक साथ दो बच्चों की मौत की खबर गांव में पहुंचते ही मातम छा गया। दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। निगोही प्रभारी निरीक्षक राजीव तोमर ने बताया कि नदी में डूबने से दो बच्चों की मौत हुई है। दोनों के शव बरामद कर लिए गए हैं।