Friday, September 11, 2026

बरेली में 16 नवंबर से शुरू होगी स्व-गणना

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: September 8, 2026

बरेली में 16 नवंबर से शुरू होगी स्व-गणना

जागरण टुडे, बरेली

जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक हुई। इसमें जनसंख्या गणना के लिए प्रगणकों और सुपरवाइजरों की तैनाती, प्रशिक्षण और एनेमरेटर ब्लॉक (EB) के गठन की तैयारियों की समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि 16 से 30 नवंबर 2026 तक लोग खुद जनगणना प्रपत्र भर सकेंगे। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक 35 दिनों में घर-घर जाकर जनसंख्या गणना प्रस्तावित है।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि शहरी क्षेत्रों में 850 और ग्रामीण क्षेत्रों में 900 से अधिक आबादी वाले हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) को जरूरत के अनुसार सब-ईबी में बांटा जाएगा। एक प्रगणक का कार्यभार शहरी क्षेत्र में करीब 850 और ग्रामीण क्षेत्र में करीब 900 लोगों तक रखा जाएगा। सुपरवाइजर करीब 5,000 से 6,000 आबादी की निगरानी करेंगे।

नवंबर से पहले पूरी करनी होगी ट्रेनिंग

प्रगणकों और सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण अक्टूबर के अंतिम सप्ताह से शुरू होकर 15 नवंबर तक पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण 16 से 19 सितंबर तक लखनऊ में होगा, जबकि फील्ड ट्रेनरों की ट्रेनिंग अक्टूबर में प्रस्तावित है।

अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि स्व-गणना शुरू होने से पहले सभी प्रगणकों को EB आवंटित कर दिए जाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग स्व-गणना कर सकें और दूसरे चरण की गणना आसान हो।

बैठक में सीडीओ देवयानी, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, एडीएम संतोष कुमार सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर ईशिता किशोर समेत सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.