सहावर, अनवर खान। तहसील परिसर में बुधवार को भारतीय किसान यूनियन टिकैत के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई। संगठन के प्रमुख मंडल महासचिव अब्दुल रियाज और जिलाध्यक्ष अजमत हुसैन के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी सुशांत सावरे को ज्ञापन सौंपकर किसानों से भूमि संबंधी कार्यों के नाम पर कथित अवैध वसूली की शिकायत की और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष अजमत हुसैन ने आरोप लगाया कि तहसील में तैनात लेखपाल जिक्रूल हसन और रश्मि चौहान द्वारा भूमि के अंश सही करने के नाम पर किसानों से रुपये लिए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि इनके अलावा भी कुछ लेखपालों पर किसानों से अवैध रूप से धन लेने की शिकायतें सामने आ रही हैं। आरोपों को लेकर किसानों में नाराजगी है।
प्रमुख मंडल महासचिव अब्दुल रियाज ने कहा कि सहावर तहसील में भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। किसानों को सामान्य राजस्व कार्यों के लिए भी अनावश्यक रूप से परेशान किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने अधिकारियों से शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
किसान यूनियन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शिकायतों की जांच कर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन किसानों के हित में आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से तहसील में राजस्व कार्यों की पारदर्शिता सुनिश्चित करने और किसानों को अनावश्यक परेशानी से निजात दिलाने की मांग की गई।