जागरण टुडे,मीरगंज(बरेली)
बरेली जनपद के मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव खमरिया आजमपुर में मंगलवार रात चोरों ने एक डेयरी संचालक के घर को निशाना बनाते हुए नकदी और सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। चोर अलमारी का ताला खोलकर करीब 50 हजार रुपये की नकदी समेत कीमती जेवरात ले गए। बुधवार सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
खमरिया आजमपुर निवासी भगवान सिंह मीरगंज कस्बे में तहसील रोड पर डेयरी की दुकान चलाते हैं, जहां वह दूध और उससे जुड़े उत्पादों की बिक्री करते हैं। उनका गांव के बाहरी इलाके में भी मकान है। मंगलवार रात परिवार के लोग खाना खाने के बाद सो गए थे। इसी दौरान चोर किसी तरह घर में घुस गए।
चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का ताला खोलकर उसमें रखे करीब 50 हजार रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। घटना का पता रात करीब तीन बजे चला, जब भगवान सिंह की पत्नी सरोज की नींद खुली। उन्होंने कमरे में अलमारी का दरवाजा खुला देखा और सामान बिखरा पड़ा मिला। यह देखकर उन्होंने तुरंत परिजनों को जगाया और चोरी की जानकारी दी।
बुधवार सुबह परिजनों ने घर के आसपास तलाश की तो रास्ते के किनारे स्थित गन्ने के खेत में जेवरों के खाली डिब्बे पड़े मिले। इससे आशंका जताई जा रही है कि चोर जेवर निकालने के बाद डिब्बों को खेत में फेंक गए। घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है।
पीड़ित भगवान सिंह ने पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए तहरीर सौंपी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घर का निरीक्षण कर परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस आसपास के क्षेत्र और अन्य संभावित सुरागों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।