तीसरा आरोपी फरार, गन्ने के खेत में छिपाकर रखी थीं चोरी की बैटरियां
अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना शाही पुलिस ने गोदाम से बैटरी चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई अलग-अलग कंपनियों की दो बैटरियां बरामद की हैं। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की बैटरियों को गन्ने के खेत में छिपाकर रखने और उन्हें बेचने की तैयारी करने की बात बताई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है।
पुलिस के मुताबिक, थाना शाही क्षेत्र के गांव दुनका निवासी नितिन गुप्ता ने अपने गोदाम से बैटरियां चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान दो संदिग्धों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम विकास पुत्र हरिनंदन निवासी गांव आनंदपुर और संजीव पुत्र हरपाल निवासी गांव दुनका, थाना शाही बताया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी की गई दो बैटरियां बरामद कीं। पूछताछ में आरोपियों ने तीसरे साथी रोहिताश पुत्र सियाराम निवासी गांव आनंदपुर, थाना शाही का नाम भी बताया, जो पुलिस के अनुसार फरार है।
थानाध्यक्ष शाही आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
चोरी की घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक संजीव कुमार, देवेंद्र सिंह, एचसीपी हरिओम तथा कांस्टेबल दानवीर और राहुल शर्मा शामिल रहे।