ओमकार गंगवार,मीरगंज (बरेली)
सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को जनपद बरेली के मीरगंज तहसील सभागारमें तहसील स्तरीय चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाओं और भावनाओं को रंगों के माध्यम से कागज पर उतारा। किसी चित्र में विकसित भारत की तस्वीर नजर आई तो किसी में राष्ट्र निर्माण, देशभक्ति और नारी सशक्तिकरण की झलक देखने को मिली। विद्यार्थियों की रचनात्मकता ने प्रदर्शनी में आए लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मीरगंज विधायक डॉ. डीसी वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा, ब्लॉक प्रमुख मीरगंज गोपाल कृष्ण गंगवार और उपजिलाधिकारी निधि शुक्ला ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय मीरगंज की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
प्रदर्शनी में विकास क्षेत्र मीरगंज और फतेहगंज पश्चिमी के चयनित विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। चित्रों के जरिए विद्यार्थियों ने अपने सपनों के भारत की कल्पना को जीवंत किया। जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा ने सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। विधायक डॉ. डीसी वर्मा ने नारी सम्मान और सशक्तिकरण पर विचार रखे। ब्लॉक प्रमुख गोपाल कृष्ण गंगवार ने देश की अर्थव्यवस्था में हुए सुधारों का उल्लेख किया। एसडीएम निधि शुक्ला ने कहा कि विद्यार्थियों की कृतियों में देशभक्ति की भावना स्पष्ट दिखाई देती है।
खंड शिक्षा अधिकारी मीरगंज डॉ. जगदीश कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। खंड शिक्षा अधिकारी फतेहगंज पश्चिमी भानु शंकर गंगवार ने शिक्षा के क्षेत्र में ऐसे रचनात्मक और नवाचारी कार्यक्रमों को आवश्यक बताया।
चित्रकला प्रतियोगिता में मीरगंज विकास क्षेत्र के संविलियन विद्यालय मुगरा की आफरीन, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की काजल और निजी विद्यालय वर्ग में केएसजी इंटर कॉलेज की तनु ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। फतेहगंज पश्चिमी विकास क्षेत्र में संविलियन विद्यालय खिरका की याशी, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की रोशनी और भूमिका ने प्रथम स्थान हासिल किया। चयनित प्रतिभागियों को विधायक डॉ. डीसी वर्मा ने प्रमाणपत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
निधि सक्सेना, जया लक्ष्मी शंखधार, फरीन, अनु और शालिनी राज रस्तोगी की बनाई रंगोली भी प्रदर्शनी में आकर्षण का केंद्र रही। मंच संचालन राजेश कुमार मिश्रा और नोडल संकुल शिक्षक अमित कुमार ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में अकादमिक संदर्भदाता पूनम गंगवार, कुमुद कांत यादव, संगीता मित्तल समेत विभिन्न शिक्षक और शिक्षिकाओं का सहयोग रहा।