जागरण टुडे,मीरगंज (बरेली)
ठाकुर दीन दयाल रोहिला सरस्वती शिशु मंदिर मीरगंज (बरेली) में शुक्रवार को राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय चेतना से ओतप्रोत वंदेमातरम सामूहिक गायन कार्यक्रम का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। निर्धारित समय पर विद्यालय परिसर में जब विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने एक स्वर में वंदेमातरम का पूर्ण गायन किया तो पूरा वातावरण देशभक्ति की भावना से सराबोर हो उठा।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय चेतना तथा मातृभूमि के प्रति श्रद्धा और सम्मान की भावना को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी भैया-बहिनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रातः 11 बजे विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक निर्धारित स्थान पर एकत्र हुए और सामूहिक रूप से वंदेमातरम का गायन किया।
सामूहिक गायन के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। वंदेमातरम की स्वर लहरियों से विद्यालय परिसर गूंज उठा। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी मातृभूमि, राष्ट्र और राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति सम्मान रखने तथा देशहित में जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी गई।
विद्यालय परिवार की ओर से बताया गया कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के भीतर राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सामूहिक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में एकता, अनुशासन और देश के प्रति सम्मान जैसे संस्कारों को भी मजबूत करने का प्रयास किया जाता है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं स्टाफ का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। आयोजन के समापन पर विद्यालय के प्रधानाचार्य वागीश चन्द्र पाराशरी ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने और समाज व देश के हित में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।