जागरण टुडे,मीरगंज(बरेली)
भाखड़ा नदी पुल के पास सोमवार रात एक बड़ा हादसा टल गया। नदी किनारे लघुशंका करने गए फतेहगंज पश्चिमी निवासी 59 वर्षीय राम प्रकाश अचानक पैर फिसलने से तेज बहाव वाली नदी में जा गिरे। गनीमत रही कि वह नदी की धारा में बहने के बजाय कुछ दूरी पर पेड़ की डालियों और झाड़ियों में फंस गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद उन्हें सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया।
फतेहगंज पश्चिमी के मोहल्ला साहूकारा, रन सिंह की टाल के पास रहने वाले राम प्रकाश पुत्र बुद्ध प्रकाश सोमवार रात करीब नौ बजे भाखड़ा नदी पुल के पास पहुंचे थे। बताया गया कि उस समय वह नशे की हालत में थे। नदी किनारे लघुशंका करते समय अचानक उनका पैर फिसल गया और वह नदी में जा गिरे। नदी में तेज बहाव होने के कारण उनके बह जाने की आशंका से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हालांकि, कुछ दूरी पर राम प्रकाश पेड़ की डालियों और झाड़ियों में फंस गए। उन्होंने मदद के लिए शोर मचाया। आवाज सुनकर वहां से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही ट्रैफिक कांस्टेबल अंकित शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया।
दमकल कर्मी रस्से के सहारे नदी में उतरे और सावधानीपूर्वक पेड़ की डालियों में फंसे राम प्रकाश तक पहुंचे। काफी प्रयास के बाद उन्हें झाड़ियों से बाहर निकाला गया और सुरक्षित नदी किनारे पहुंचाया गया। इसके बाद उनकी स्थिति की जांच कर उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
घटना के बाद मौके पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही। समय रहते पुलिस और दमकल टीम के पहुंचने से बुजुर्ग की जान बच गई।