Friday, October 30, 2026

बरेली: कल से शुरू होगी प्रो. श्याम बिहारी स्मृति प्रीमियर लीग, छह टीमें होंगी शामिल

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: October 3, 2026

बरेली: कल से शुरू होगी प्रो. श्याम बिहारी स्मृति प्रीमियर लीग, छह टीमें होंगी शामिल

गुलरेज खान, बरेली

टेलीग्राम संवाद। उत्तर प्रदेश के बरेली शहर के उभरते क्रिकेट खिलाड़ियों को मंच देने के उद्देश्य से पहली स्वर्गीय प्रो. श्याम बिहारी स्मृति स्टेडियम प्रीमियर लीग का आयोजन पांच अक्टूबर से बरेली स्पोर्ट्स स्टेडियम में किया जाएगा। टूर्नामेंट में छह टीमें हिस्सा लेंगी। लीग मुकाबलों के बाद बेहतर प्रदर्शन करने वाली दो टीमें फाइनल में आमने-सामने होंगी। फाइनल मुकाबला 12 अक्टूबर को खेला जाएगा। विजेता टीम को स्कूटी पुरस्कार स्वरूप दी जाएगी।

आयोजकों के अनुसार बरेली में क्रिकेट प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन कई युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए उचित मंच नहीं मिल पाता। इसी उद्देश्य से बरेली स्पोर्ट्स स्टेडियम की ओर से प्रो. श्याम बिहारी स्मृति क्रिकेट लीग की शुरुआत की गई है। ट्रायल में बड़ी संख्या में स्थानीय खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। चयन के बाद खिलाड़ियों को छह टीमों में बांटा गया है।


रेलवे ग्राउंड पर हुआ खिलाड़ियों का चयन

टूर्नामेंट के लिए खिलाड़ियों का ट्रायल 20 सितंबर को इज्जतनगर स्थित रेलवे ग्राउंड, रोड नंबर चार पर कराया गया था। चयनकर्ता के रूप में इंडियन रेलवे के खिलाड़ी माजिद हसन खान और शिवकुमार राठी मौजूद रहे। ट्रायल में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर टीमों का गठन किया गया।

टूर्नामेंट पांच से 12 अक्टूबर तक बरेली स्पोर्ट्स स्टेडियम में चलेगा। इस दौरान कुल 13 मुकाबले खेले जाएंगे। खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में कलर्ड जर्सी, प्रोफेशनल अंपायर्स, टर्फ विकेट और लाइव स्ट्रीमिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश निशुल्क रहेगा।

छह टीमों के कप्तान तय

प्रीमियर लीग में शामिल छह टीमों के कप्तान भी घोषित कर दिए गए हैं। इनमें बरेली धमाका डायनामोज की कमान फैजान जाफरी, बरेली तूफानी टाइगर्स की मोहित कुमार, बरेली झुमका जायंट्स की साई सक्सेना, बरेली बांसुरी ब्लास्टर्स की अरुण यादव, बरेली दबंग डेयरडेविल्स की प्रतीक पाल और बरेली नाथ नगरी किंग्स की कप्तानी बंटी मौर्या करेंगे।

आयोजकों का कहना है कि प्रतियोगिता के जरिए स्थानीय क्रिकेटरों को प्रतिस्पर्धी माहौल में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। साथ ही लीग के मुकाबलों से युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच मिलने की उम्मीद है।

प्रेसवार्ता में ईशान ग्वाल, नितेश भारद्वाज, मुस्तकीम और अजय कश्यप समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.