एक नवंबर को होगा एलन शार्प एग्जाम, जेईई-नीट की तैयारी के साथ कक्षा छह से 10 तक के विद्यार्थियों को भी मिलेगी सुविधा
जागरण टुडे। इंजीनियरिंग और मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए देशभर में पहचान रखने वाला एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट प्राइवेट लिमिटेड अब बरेली में भी ऑफलाइन क्लासरूम कोचिंग उपलब्ध कराएगा। बुधवार को नैनीताल रोड स्थित होटल ग्रैंड निरवाणा में आयोजित समारोह में संस्थान के बरेली केंद्र की घोषणा की गई। इसके साथ ही प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विद्यार्थी एक नवंबर को आयोजित होने वाले एलन शार्प परीक्षा में शामिल होकर कोचिंग फीस में 90 प्रतिशत तक स्कॉलरशिप पाने का अवसर प्राप्त कर सकते हैं।
समारोह में बरेली के सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, पूर्व महापौर डॉ. आईएस तोमर, एलन के चीफ एकेडमिक ऑफिसर (सीएओ) सीआर चौधरी, वाइस प्रेसिडेंट एवं जोनल हेड डॉ. विपिन योगी तथा एलन बरेली के मेंटर एवं सेंटर हेड डॉ. कुलदीप बालियान की मौजूदगी में पोस्टर का विमोचन किया गया। इस अवसर पर संस्थान के वरिष्ठ फैकल्टी सदस्य, विद्यार्थी और अभिभावक भी मौजूद रहे।
बरेली और आसपास के विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
एलन के सीएओ सीआर चौधरी ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। बरेली में ऑफलाइन क्लासरूम सेंटर की शुरुआत इसी दिशा में उठाया गया कदम है। इससे बरेली और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने कहा कि इंजीनियरिंग और मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में एलन ने चार दशकों के अनुभव के आधार पर अपनी शैक्षणिक व्यवस्था विकसित की है। संस्थान विद्यार्थियों की अवधारणाओं को मजबूत करने और उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने पर विशेष ध्यान देता है।
एलन के वाइस प्रेसिडेंट एवं जोनल हेड डॉ. विपिन योगी ने कहा कि बरेली में संस्थान की शुरुआत विद्यार्थियों को घर के नजदीक रहकर अपने सपने पूरे करने में मदद करेगी। उन्होंने शहरवासियों से बेहतर शैक्षणिक वातावरण विकसित करने में सहयोग की अपील की। कहा कि संस्थान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने का प्रयास करेगा, वहीं शहर में उनके लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करना भी जरूरी है।
जेईई, नीट के साथ ओलंपियाड की भी तैयारी
एलन बरेली का क्लासरूम कैंपस सिविल लाइंस क्षेत्र में प्रभा टॉकीज के पास रामपुर गार्डन स्थित गैलेरिया बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर संचालित हो रहा है। यहां जेईई-मेन, जेईई-एडवांस्ड और नीट-यूजी की तैयारी कराई जाएगी। इसके अलावा कक्षा छह से 10 तक के विद्यार्थियों को स्कूल बोर्ड परीक्षाओं के साथ विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड की तैयारी भी कराई जाएगी।
संस्थान की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, कक्षाएं 15 जनवरी से शुरू होंगी। प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थी एक नवंबर को होने वाली एलन शार्प परीक्षा में शामिल होकर फीस में 90 प्रतिशत तक स्कॉलरशिप प्राप्त करने का अवसर पा सकते हैं।
नियमित टेस्ट और ऑनलाइन डाउट सॉल्विंग की सुविधा
एलन बरेली के मेंटर एवं सेंटर हेड डॉ. कुलदीप बालियान ने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों को कोटा जैसी शैक्षणिक व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उनका लक्ष्य है कि बरेली में रहकर पढ़ने वाले विद्यार्थी भी देश के प्रतिष्ठित मेडिकल और इंजीनियरिंग संस्थानों में प्रवेश पाने की दिशा में आगे बढ़ सकें।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों की तैयारी का आकलन करने के लिए नियमित रूप से कंप्यूटर आधारित टेस्ट आयोजित किए जाएंगे। एलन ऐप के माध्यम से होमवर्क, ऑनलाइन डाउट सॉल्विंग, टेस्ट पेपर पर चर्चा और प्रदर्शन का विश्लेषण भी किया जाएगा। विद्यार्थियों की व्यक्तिगत जरूरतों और उनकी पढ़ाई से जुड़ी समस्याओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
संस्थान की ओर से विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री और अनुभवी फैकल्टी का मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा, ताकि दूसरे शहरों में जाकर पढ़ाई करने में असमर्थ विद्यार्थी भी अपने शहर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकें।
81 शहरों में संचालित हैं स्टडी सेंटर
संस्थान की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट प्राइवेट लिमिटेड की स्थापना 18 अप्रैल 1988 को हुई थी। वर्तमान में संस्थान 81 शहरों में स्टडी सेंटर के माध्यम से शिक्षा उपलब्ध करा रहा है। इन शहरों में 350 से अधिक क्लासरूम कैंपस हैं, जबकि 450 से अधिक शहरों में टेस्ट सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। स्थापना से अब तक 44.50 लाख से अधिक विद्यार्थी संस्थान से मार्गदर्शन प्राप्त कर चुके हैं।
संस्थान जेईई-मेन, जेईई-एडवांस्ड, नीट-यूजी और प्री-नर्चर एवं करियर फाउंडेशन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराता है। इसके साथ ही एलन ऑनलाइन के जरिए तकनीक आधारित शिक्षण कार्यक्रम भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
संस्थान के अनुसार, पिछले 17 वर्षों में उसके 29 विद्यार्थियों ने इंजीनियरिंग और मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं में ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल की है। बरेली में नए केंद्र की शुरुआत से स्थानीय विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए एक और विकल्प उपलब्ध होगा।