उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में कृष्णानगर कॉलोनी स्थित श्रीकृष्ण मंदिर से निकलने वाली कार्तिक मास की प्रभातफेरी का श्रीमती सुमन शुक्ला और गौरव शुक्ला ने सपरिवार स्वागत किया। इस अवसर पर धार्मिक अनुष्ठान और भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ। राधा-कृष्ण के भजनों से वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर भजनों पर झूम उठे।
प्रभातफेरी के दौरान लड्डू गोपाल और श्रीजी को शुक्ला परिवार अपने आवास पर लेकर गया। यहां विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया और आरती उतारी गई। पूजा-अर्चना के बाद प्रभु को पुनः श्रीकृष्ण मंदिर लाया गया। मंदिर में श्रीराधानाम संकीर्तन मंडल के सदस्यों ने भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।
राधा-कृष्ण के भजनों पर भावविभोर हुए श्रद्धालु
भजन-कीर्तन की शुरुआत गणेश वंदना से हुई। इसके बाद संकीर्तन मंडल के सदस्यों ने एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत किए। गौरव अरोरा, रविन्द्र मिश्रा एडवोकेट, पार्थ सचदेवा, देवेंद्र खुराना, मनमोहन अरोरा, अंकित सचदेवा और नवीन सचदेवा ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।
'राधा रानी से मिलना बड़ा जरूरी' और 'चोरी-चोरी माखन खाय गयो रे मेरो प्यारो मोहन' जैसे भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमने लगे। पूरे आयोजन के दौरान राधा-कृष्ण के जयकारों और भक्ति संगीत से माहौल भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम के समापन पर आरती की गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर मंदिर कमेटी की ओर से सुरेंद्र सेठी और प्रेम नारंग ने शुक्ला परिवार को आशीर्वाद स्वरूप भेंट प्रदान की। कार्तिक मास की प्रभातफेरी के स्वागत और संकीर्तन के इस आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक परंपरा की झलक देखने को मिली।