जागरण टुडे शाहजहांपुर
खेलों के मैदान पर भी शाहजहाँपुर पुलिस ने अपने जज्बे और हुनर का लोहा मनवाया है। 73वीं उत्तर प्रदेश वार्षिक पुलिस फुटबॉल प्रतियोगिता (बरेली जोन) का आयोजन हाल ही में जनपद बरेली में किया गया, जिसमें शाहजहाँपुर की महिला पुलिस टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया और जनपद का नाम रोशन किया।
इसी कड़ी में, जनपद बदायूँ में आयोजित द्वितीय अन्तरजनपदीय पुलिस कबड्डी प्रतियोगिता में भी शाहजहाँपुर की महिला पुलिस टीम ने अपने दमदार खेल से सभी को प्रभावित किया और प्रथम स्थान पर कब्जा जमाया। लगातार दो प्रतियोगिताओं में पहला स्थान पाकर महिला पुलिस टीम ने न केवल जनपद का गौरव बढ़ाया है बल्कि शाहजहाँपुर पुलिस की खेल प्रतिभा को भी नई पहचान दिलाई है।
प्रतियोगिताओं में विजयी खिलाड़ियों का सम्मान करने के लिए पुलिस कार्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें ट्रैक सूट प्रदान कर सम्मानित किया।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक ने खिलाड़ियों को बधाई दी और कहा
“शाहजहाँपुर की महिला पुलिस टीम ने अपनी प्रतिभा और जज्बे से न केवल खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है बल्कि पुलिस विभाग का मान भी बढ़ाया है। यह उपलब्धि अन्य पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।” कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से पूरे जनपद में खुशी की लहर है।