गुड्डू यादव, कासगंज।
जागरण टूडे, कासगंज।
जनपद के थाना ढोलना क्षेत्र में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दस अन्य घायल हो गए। हादसा ढोलना-गढ़ी रोड पर भरसोली मोड़ से पहले उस समय हुआ जब एक टेंपो और ईंटों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने टक्कर हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गढ़ी हरनाठेर निवासी बबलू पुत्र बड्डे के पिता की तेरहवीं का कार्यक्रम था। बड्डे की ससुराल गांव अलखपुर थाना बरला, जनपद अलीगढ़ में है। तेरहवीं में शामिल होने आए रिश्तेदार दावत के बाद वापस अपने गांव अलखपुर लौट रहे थे। कुछ लोग निजी मोटरसाइकिलों से तथा अन्य लोग टेंपो संख्या UP81CT0672 में सवार होकर जा रहे थे।
बताया गया कि जैसे ही टेंपो भरसोली मोड़ के निकट पहुंचा, सामने से ढोलना की ओर से ईंटों से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली आ गया। दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में राकेश पुत्र अमर सिंह (32 वर्ष), योगेंद्र कुमार पुत्र अमर सिंह (27 वर्ष) तथा मानसिंह पुत्र सिद्धू सिंह (52 वर्ष) निवासी अलखपुर, थाना बरला, जनपद अलीगढ़ की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
हादसे में किताब सिंह (45), मल्लू (55), राधे (60), विकास (18), लाजपत (40), विशांत (24), कल्लू (60), संजू (28), शनि (18) तथा टेंपो चालक अवनेश (22) घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु मोर्चरी भेज दिए गए हैं।
पुलिस ने मृतकों और घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। जांच में सामने आया है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में JBS भट्ठे की ईंटें लदी थीं। पुलिस ट्रैक्टर चालक की पहचान और तलाश में जुटी है। मौके पर पुलिस बल तैनात है तथा शांति व्यवस्था सामान्य बनी हुई है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।