नई दिल्ली, एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात कर यूक्रेन युद्ध को जल्द समाप्त करने का आह्वान किया। दोनों नेताओं की यह मुलाकात सोमवार को चीन के बंदरगाह शहर तियानजिन में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के इतर हुई।
मानवता का आह्वान है कि युदुध जल्द खत्म हो
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यूक्रेन में शांति बहाली के लिए अब सभी पक्षों को “रचनात्मक तरीके से आगे बढ़ना होगा।” उन्होंने स्पष्ट कहा कि मानवता का आह्वान है कि यह संघर्ष जल्द खत्म हो और क्षेत्र में स्थायी शांति स्थापित की जाए।
अमेरिका-भारत रिश्तों के बीच अहम मुलाकात
मोदी-पुतिन की यह बैठक ऐसे समय में हुई जब भारत-अमेरिका संबंधों में तनाव है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की शुल्क नीति और भारत की लगातार आलोचना से दोनों देशों के रिश्ते हाल के वर्षों में सबसे खराब दौर से गुजर रहे हैं। भारत सरकार द्वारा जारी बयान के अनुसार, मोदी और पुतिन ने आर्थिक, वित्तीय और ऊर्जा क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। दोनों नेताओं ने इस बात पर संतोष जताया कि कठिन समय में भी भारत और रूस हमेशा कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़े हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत दिसंबर में होने वाली पुतिन की भारत यात्रा का इंतजार कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत-रूस की घनिष्ठ साझेदारी वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए अहम है। विदेश मंत्रालय (MEA) के अनुसार, दोनों नेताओं ने यूक्रेन संकट समेत क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने हाल में शांति स्थापित करने के लिए उठाए गए प्रयासों का समर्थन किया और स्थायी समाधान की जरूरत पर बल दिया।