जागरण टुडे, मथुरा। उत्तर प्रदेश पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गो अनुसंधान संस्थान, मथुरा के नवनियुक्त कुलपति डॉ. अभिजित मित्र ने कार्यभार ग्रहण कर लिया।
डॉ. मित्र पूर्व में भारत सरकार के पशुपालन आयुक्त, भारतीय पशु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष और पशु प्रयोगों के नियंत्रण एवं पर्यवेक्षण समिति के अध्यक्ष रह चुके हैं। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने उन्हें 11 मई 2025 को कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्षों के लिए नियुक्त किया है।
कार्यभार संभालने के बाद डॉ. मित्र ने कहा कि विश्वविद्यालय में शिक्षा, शोध और प्रसार गतिविधियों को बढ़ावा देना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि छात्रों के शैक्षणिक, मानसिक, शारीरिक और व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा क्योंकि छात्र ही देश का भविष्य हैं।
यह विश्वविद्यालय मत्स्यिकी, डेरी साइंस, पशु चिकित्सा, पशुपालन और जैव प्रौद्योगिकी में स्नातक, परास्नातक और पशुपालन में डिप्लोमा पाठ्यक्रम उपलब्ध कराता है। डॉ. मित्र ने कहा कि हमारा उद्देश्य प्रदेश और देश को उच्च कोटि के विशेषज्ञ उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के कोठारी पशु चिकित्सालय को रेफरल पशु चिकित्सालय के रूप में विकसित करना और उसमें पशुओं के लिए ब्लड बैंक स्थापित करना उनकी प्राथमिकता है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वन हेल्थ (One Health) की अवधारणा पर कार्य करना ज़रूरी है क्योंकि मानव, पशु और पर्यावरणीय स्वास्थ्य एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। इससे महामारी और अन्य स्वास्थ्य चुनौतियों से निपटने में मदद मिलेगी।
डॉ. मित्र ने कहा कि पशुपालक और मत्स्य पालक किसानों तक नवीनतम वैज्ञानिक तकनीक पहुंचाना विश्वविद्यालय का लक्ष्य है, ताकि किसान बेहतर उत्पादकता प्राप्त कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।