जम्मू, एजेंसी। माता वैष्णो देवी के भक्तों के लिए राहत भरी खबर है। जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में स्थित प्रसिद्ध वैष्णो देवी गुफा मंदिर के लिए तीर्थयात्रा रविवार 14 सितंबर से फिर से शुरू की जा रही है। खराब मौसम और भूस्खलन के कारण बीते 19 दिनों से यात्रा पूरी तरह स्थगित थी।
26 अगस्त को कटरा से वैष्णो देवी जाने वाले मार्ग पर भीषण भूस्खलन हुआ था। इस हादसे में 34 लोगों की मौत हो गई थी जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए थे। इसके बाद सुरक्षा और मौसम की स्थिति को देखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने यात्रा अस्थायी रूप से रोक दी थी।
श्राइन बोर्ड ने की घोषणा
श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि मौसम अनुकूल रहने की स्थिति में 14 सितंबर (रविवार) से यात्रा को दोबारा बहाल किया जाएगा। बोर्ड ने तीर्थयात्रियों को नियमों का पालन करने की सलाह भी दी है।
यात्रियों के लिए दिशा-निर्देश
श्राइन बोर्ड ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान वैध पहचान पत्र साथ रखें और केवल निर्धारित मार्गों का ही इस्तेमाल करें। सुरक्षा कर्मियों और कर्मचारियों के साथ सहयोग करने की भी सलाह दी गई है।
कैसे करें बुकिंग?
यात्रा से जुड़े विवरण और बुकिंग की जानकारी श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से यात्री दर्शन की तारीख और स्लॉट तय कर सकते हैं।
लगभग तीन सप्ताह बाद यात्रा बहाल होने की खबर से श्रद्धालुओं में खुशी की लहर दौड़ गई है। उम्मीद है कि रविवार से बड़ी संख्या में भक्त माता के दर्शन के लिए कटरा पहुंचेंगे।