विकास श्रीवास्तव
पूर्व कैबिनेट मंत्री आबिद रज़ा ने नगर पालिका परिषद बदायूँ की चेयरमैन फात्मा रज़ा को एक पत्र लिखकर आगामी 27 सितम्बर को निकलने वाली भगवान श्रीराम बारात के जुलूस मार्ग पर कालीन (कारपेट) बिछवाने की मांग की है।
अपने पत्र में आबिद रज़ा ने लिखा कि दशहरा पर्व हिन्दू धर्म की गहरी आस्था से जुड़ा हुआ है, और हर वर्ष बदायूँ शहर में भगवान श्रीराम की बारात अत्यंत श्रद्धा और भव्यता के साथ रामलीला कमेटी द्वारा निकाली जाती है। यह धार्मिक आयोजन नगर की सांप्रदायिक सौहार्द, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है।
पूर्व मंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि यह आवश्यक है कि जिस मार्ग से भगवान श्रीराम की बारात निकले, वहां नगर पालिका परिषद बदायूँ द्वारा कारपेट (कालीन) की व्यवस्था की जाए, जिससे श्रद्धालुओं, आयोजकों और बारात में शामिल लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके और धार्मिक भावनाओं का सम्मान बना रहे।
उन्होंने आग्रह किया कि चेयरमैन फात्मा रज़ा सम्बंधित अधिकारियों को निर्देशित करें कि रामबारात के दिन पूरे जुलूस मार्ग को सुव्यवस्थित ढंग से तैयार किया जाए, और विशेष रूप से कालीन बिछाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
पूर्व मंत्री की यह पहल धार्मिक आयोजनों के प्रति सम्मान और विभिन्न समुदायों के बीच आपसी सद्भाव का उदाहरण मानी जा रही है। स्थानीय नागरिकों और रामलीला आयोजकों ने भी इस मांग का समर्थन किया है।