-सिकंदरपुर वैश्य पुलिस ने मिशन शक्ति फेस-5 में महिलाओं को आत्मनिर्भर और सजग बनाने के लिए चलाया जागरूकता अभियान
कासगंज, जागरण टुडे।
थाना सिकंदरपुर वैश्य पुलिस ने मिशन शक्ति फेस-5 के अंतर्गत बहोरा गांव में एक अनोखी पहल की। यहाँ रामलीला के मंच को मंचन के साथ-साथ महिला जागरूकता की पाठशाला में बदला गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों, कानूनों और सरकारी योजनाओं के प्रति सजग बनाना था।
थानाध्यक्ष चंचल सिरोही, जो महिला सुरक्षा के लिए विशेष पहचान रखते हैं, ने स्वयं इस आयोजन का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति सिर्फ एक अभियान नहीं, बल्कि महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सरकार का सशक्त कदम है।
पाठशाला में महिलाओं को बताया गया कि अगर वे किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न या अन्याय का सामना कर रही हैं, तो वे बिना संकोच 112 या 1090 पर कॉल कर सकती हैं। पुलिस उनके नाम व पहचान को गुप्त रखती है। इसके साथ ही केंद्र व प्रदेश सरकार की कई जनकल्याणकारी योजनाओं — जैसे उज्ज्वला योजना, कन्या सुमंगला योजना, और महिला हेल्पलाइन की जानकारी भी दी गई।
गांव की महिलाओं ने इस पहल की सराहना की और कहा कि रामलीला के मंच पर इस तरह की पाठशाला नई सोच और बदलाव का प्रतीक है।