बरेली में उपद्रव करने वालों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। सोमवार 29 सितंबर को कोतवाली और थाना बारादरी पुलिस ने उपद्रव के मामले में 28 आरोपियों गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। इनमें आईएमसी का पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नदीम खान और पार्षद अनीस सकलैनी भी शामिल हैं। इसके अलावा सोमवार 29 सितंबर को नगर निगम ने मौलाना तौकीर रजा के करीबी डॉ नफीस की नावल्टी चौराहे के पास स्थित मार्केट को सील कर दिया। इस मार्केट में तौकीर रजा की पार्टी आईएमसी का दफ्तर भी है, उसे पर भी ताला जड़ दिया गया है।
आई लव मोहम्मद के पोस्टर लगाने को लेकर 26 सितंबर को जुमे की नमाज के बाद विरोध प्रदर्शन के नाम पर एकत्र हुए लोगों ने जमकर उपद्रव किया था। भीड़ ने पुलिस पर जमकर पथराव किया और फायरिंग भी की थी। इसमें 22 पुलिस कर्मी घायल हुए थे। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करने के साथ आंसू गैस के गोले दागने पड़े थे। इसके बाद पुलिस ने पुलिस ने 10 मुकदमे दर्ज किए थे। बवाल के अगले दिन शनिवार 27 सितंबर को पुलिस ने इत्तेहाद-ए- मिल्लत ऑफ काउंसिल (imc)प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। बाद में उसे फर्रुखाबाद जेल शिफ्ट कर दिया गया।
बरेली शहर के कोतवाली क्षेत्र में नावल्टी चौराहे के पास पहलवान साहब की मजार है। इससे सटकर बने तिमंजिला मार्केट में 74 दुकानें हैं। यह मार्केट बरेली में उपद्रव करने के आरोपी मौलाना तौकीर रजा के करीबी आईएमसी के पूर्व प्रवक्ता डॉ नफीस की बताई जाती है। इसी मार्केट में दूसरी मंजिल पर आईएमसी का दफ्तर भी है संचालित किया जा रहा था। सोमवार 29 सितंबर को इस मार्केट की सभी 74 दुकानों पर ताला लगा दिया गया है।
आरोप है कि यह मार्केट नाले पर कब्जा करके बनाई गई है। मार्केट के दूसरे तल पर बने आईएमसी कार्यालय में बैठकर डॉ नफीस जिले में होने वाले संगठन के सभी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करता था। बताते हैं कि इस कार्यालय में मौलाना तौकीर रजा का दो-तीन बार ही आना जाना हुआ है। यहां बैठकर डॉ नफीस की संगठन की पूरी रणनीति को अंजाम देता देता था। नफीस का करीबी पार्षद अनीस सकलानी मार्केट में पंचायत लगाकर बैठता था। बवाल होने से पहले डॉ नफीस ने पुलिस के हाथ काटने और वर्दी उतरवाने की धमकी दी थी।
दुकानदारों ने दो घंटे में हटाया सामान
सूत्रों के मुताबिक डॉ नफीस का मार्केट सील करने की रणनीति पहले ही तय कर ली गई थी। शनिवार शाम को नगर निगम की टीम ने मार्केट की पैमाइश की थी। रविवार को अवकाश होने की वजह से कार्रवाई नहीं हो सकी। सोमवार दोपहर करीब एक बजे मौके पर पहुंची टीम ने दुकानदारों को 3 बजे तक सामान निकालने का मौका दिया। मार्केट सील होने का पता लगने पर दुकानदारों में हड़कंप मच गया। दुकानदारों ने अपने कर्मचारियों और परिवार के लोगों को बुलाकर सामान निकालकर दुकानें खाली कर दीं।
दुकानें सील करने के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा
दोपहर करीब तीन बजे सीओ सिटी प्रथम आशुतोष शिवम और नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे। फिर एक-एक करके सभी दुकानों को सील किया गया। फिर पूरी मार्केट पर बाहर से भी सील लगा दी गई। इस कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। मार्केट सील होने को लेकर शहर में तरह-तरह की अफवाहें भी उड़ती रहीं।
इंस्पेक्टर को दी थी हाथ काटने की धमकी
आई लव मोहम्मद लिखे पोस्टर उतरने पर डॉ नफीस ने किला इंस्पेक्टर को हाथ काटने और वर्दी उतरवाने की धमकी दी थी, जिसका वीडियो भी वायरल हुआ था। वीडियो में नफीस कह रहा था कि मैंने किला इंस्पेक्टर से साफ कह दिया है कि बैनर पर हाथ लगाया तो हाथ काट लूंगा। वर्दी भी नहीं बचेगी। इस वीडियो के बारे में किला थाने में नफीस के खिलाफ रिपोर्ट की जा चुकी है।
नफीस खुद को बताता है दरगाह का सज्जादानशीन
नगर निगम की टीम पहुंचने के बाद जब दुकानदारों ने सामान बाहर निकाला तो उन्होंने बताया कि डॉ नफीस और उसका बेटा फरहान पहलवान साहब की दरगाह का खुद को सज्जादानशीन बताता है। बताते हैं कि इस मार्केट में बनी दुकानों से हर माह मोटी रकम वसूली जाती है। पगड़ी भी वसूली गई थी। वहीं, दुकानदारों ने मौजूद अधिकारियों से कहा कि उनको कारोबार के लिए वैकल्पिक स्थान दिया जाए, जिससे उनकी रोजी-रोटी चल सके। वहां मौजूद अधिकारियों ने जिला प्रशासन से इस मामले में बात करने का आश्वासन दिया।
आईएमसी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नदीम खान के मार्केट पर भी होगी कार्रवाई
आरोपी और इस पूरे घटनाक्रम का मास्टरमाइंड आईएमसी का पूर्व प्रवक्ता डॉ नफीस है। आईएमसी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नदीम खान की मार्केट नौमहला मस्जिद से सटकर वक्फ बोर्ड की संपत्ति पर बनाई गई है। नगर आयुक्त के मुताबिक नदीम की मार्केट भी उनके निशाने पर है, उसकी नपाई भी कराई है। वक्त संपत्ति को छोड़कर कुछ हिस्सा सड़क की तरफ को आ रहा है। इसको लेकर नगर निगम की टीम जल्द कार्रवाई करेगी।
ट्रिब्यूनल में चल रहा है मामला
नगर निगम के मुताबिक मार्केट नाले पर अवैध कब्जा करके बनाया गया है। मार्केट में दुकानें होने की वजह से नगर निगम इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा था। मार्केट और नगर निगम के बीच के ट्रिब्यूनल में मामला चल रहा है। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य के अनुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई अभी नहीं की जाएगी। अगर इस मामले में व्यापारियों का कोई स्टे होगा तो उसे भी देखा जाएगा।
नदीम खान और पार्षद अनीस समेत 28 आरोपी भेजे गए जेल
बरेली में उप्रद्रव के बाद से आरोपियों की धरपकड़ जारी है। सोमवार को कोतवाली और थाना बारादरी पुलिस ने आईएमसी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नदीम खान और पार्षद अनीस सकलैनी समेत 28 आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया इस मामले में अब तक कुल 52 लोगों को गिरफ्तार करके जेल भेजा जा चुका है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दबिश लगातार जारी है।