जागरण टुडे पटियाली।
तहसील क्षेत्र के ग्राम हिम्मतनगर बझेरा में मंगलवार को तहसील प्रशासन की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में भूमाफियाओं के कब्जे से लगभग 30 बीघा कृषि भूमि को मुक्त कराकर कुर्क किया। इस कार्रवाई में राजस्व विभाग और कादरगंज चौकी पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही।
भूमि स्वामी उदयवीर सिंह पुत्र शिवराज सिंह, निवासी ग्राम समेथीपुर, तहसील कायमगंज (फर्रुखाबाद) ने 28 फरवरी 2025 को पटियाली एसडीएम न्यायालय में बीएनएस की धारा 164 के तहत दावा दायर किया था। न्यायालय के आदेश पर लेखपाल महेश्वर शुक्ला, लेखपाल ब्रजबिहारी तथा पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर गाटा संख्या 49 मि, 169, 170, 171, 195 और 120 की करीब 30 बीघा जमीन को कब्जाधारियों रनवीर सिंह उर्फ पप्पू और राजकुमार पुत्रगण रामसिंह, निवासी हिम्मतनगर बझेरा, से मुक्त कराया।
तहसील प्रशासन ने अग्रिम आदेश तक उक्त भूमि को ग्राम प्रधान सजीव कुमार और ग्रामीण सतेंद्र सिंह के सुपुर्द किया है। साथ ही दोनों पक्षों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि न्यायालय से अंतिम आदेश आने तक कोई भी व्यक्ति इस भूमि पर खेती नहीं करेगा।
भूमि स्वामी उदयवीर सिंह ने बताया कि गाटा संख्या 49 मि पर भूमाफियाओं ने पहले ही शकरकंद की फसल कर ली है। आरोप लगाया कि इससे पूर्व भी दबंगों ने उसकी बोई हुई दो बार की फसल काट ली थी। भूमि कुर्की की कार्रवाई से पीड़ित किसान को बड़ी राहत मिली है।