विकास श्रीवास्तव
बदायूं उत्तर प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह और केंद्रीय राज्यमंत्री बी.एल. वर्मा ने गुरुवार को बदायूं क्लब में आयोजित यू.पी. ट्रेड शो - स्वदेशी मेला 2025 का फीता काटकर भव्य शुभारंभ किया। यह मेला 18 अक्टूबर तक चलेगा, जिसका उद्देश्य स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना, स्थानीय कारीगरों व उद्यमियों को प्लेटफॉर्म देना और वोकल फॉर लोकल को जनांदोलन बनाना है।
शुभारंभ अवसर पर पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि “एक भारत, श्रेष्ठ भारत और आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना स्वदेशी उत्पादों को अपनाने से ही साकार होगी।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आत्मनिर्भरता की दिशा में कई मील के पत्थर स्थापित किए हैं। स्वदेशी उत्पाद आज वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि स्वदेशी वस्तुएं गुणवत्ता में टिकाऊ होती हैं और अब भारतवासियों को स्वदेशी अपनाने की जरूरत है। उन्होंने यह भी बताया कि हाल में जीएसटी में किए गए बदलावों से आमजन को बड़ी राहत मिली है—दवाइयों को टैक्स फ्री किया गया है और अन्य जरूरी वस्तुओं पर टैक्स कम हुआ है।
केंद्रीय राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा ने कहा कि यह मेला "वोकल फॉर लोकल" मंत्र को साकार करता है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक पहचान बनाई है। देशवासी स्वदेशी को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में भागीदारी निभाएं।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि यह मेला स्थानीय कारीगरों, उद्यमियों, हस्तशिल्पियों को दीपावली से पहले अपने उत्पाद बेचने और प्रचारित करने का एक सुनहरा अवसर देगा। यह आयोजन आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान का हिस्सा है।
दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह और बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि यह पहली बार है जब पूरे प्रदेश के हर जिले में एक साथ स्वदेशी मेले का आयोजन किया जा रहा है। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के छोटे व्यवसायियों को एक बड़ा मंच मिलेगा।
मुख्य विकास अधिकारी केशव कुमार ने बताया कि मेले में खादी, ग्रामोद्योग, माटी कला, हथकरघा, रेशम, ODOP, CM युवा योजना और विश्वकर्मा श्रम सम्मान से जुड़ी विभागीय योजनाओं और उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है।
इस दौरान विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मेले की शोभा बढ़ाई। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्टॉलों का अवलोकन कर उत्पादों की सराहना की।