Wednesday, April 1, 2026

Mathura News: श्रीकृष्ण महोत्सव 29 से: कंस वध से दीपदान तक भव्य आयोजन

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: October 28, 2025

Mathura News: श्रीकृष्ण महोत्सव 29 से: कंस वध से दीपदान तक भव्य आयोजन

जागरण टुडे, मथुरा। मथुरा में चतुर्वेदी समाज द्वारा आयोजित भव्य और दिव्य चार दिवसीय श्रीकृष्ण महोत्सव–कंस वध मेला का शुभारंभ 29 अक्टूबर से होगा, जो 1 नवंबर को पुण्यतीर्थ विश्राम घाट पर भव्य दीपदान के साथ संपन्न होगा।

आज माथुर चतुर्वेद परिषद कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में परिषद के महामंत्री राकेश तिवारी (एडवोकेट) ने मेले की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह आयोजन परंपराओं और सांस्कृतिक धरोहर का जीवंत प्रतीक है, जिसमें धार्मिक आस्था के साथ लोक संस्कृति की झलक भी दिखाई देगी।

🕉️ 29 अक्टूबर (गोपाष्टमी महोत्सव): प्रातः 10 बजे पुण्यतीर्थ विश्राम घाट पर गौचारण लीला का आयोजन होगा। शाम 4 बजे गली सेठ भीकचंद से भगवान श्रीकृष्ण और बलराम घोड़े पर सवार होकर गोपाल आश्रम तक गौचारण यात्रा करेंगे। शोभा यात्रा के रूप में ठाकुर जी की वापसी के साथ यह लीला संपन्न होगी।

🎵 30 अक्टूबर (भजन संध्या): विश्राम घाट पर सुप्रसिद्ध भजन गायक श्री सुधीर व्यास की प्रस्तुति होगी। उनका लोकप्रिय भजन “यह चमक यह धमक फुलवन में महक, सब कुछ सरकार तुम्हीं से है” विशेष आकर्षण रहेगा। यह संध्या श्री गिरीश गिरधारी लाल चतुर्वेदी की स्मृति में आयोजित होगी।

⚔️ 31 अक्टूबर (कंस वध मेला): इस दिन का मुख्य आकर्षण भव्य झांकियां (10 से 15) होंगी, जिनमें कई बोलती झांकियां भी शामिल रहेंगी। भगवान श्रीकृष्ण-बलराम हाथी पर सवार होकर कंस वध लीला का मंचन करेंगे। परंपरागत वेशभूषा में चतुर्वेदी समाज के बंधु “छज्जू लाए खाट के पाए...” जैसे पारंपरिक जयघोष के साथ कंस वध करेंगे। कंस पुतले का दहन कंसखार स्थल पर किया जाएगा।

🪔 1 नवंबर (दीपदान एवं समापन): शाम 6 बजे विश्राम घाट पर दीपदान कार्यक्रम होगा। इसके साथ चार दिवसीय मेले का भव्य समापन किया जाएगा। इस अवसर पर यमुना आरती उसी समय होगी जब श्रीकृष्ण-बलराम विश्राम घाट पर पधारेंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महेश पाठक, मुख्य संरक्षक (अखिल भारतीय तीर्थ पुरोहित महासभा) रहेंगे। अध्यक्षता राकेश राजेंद्र प्रसाद चतुर्वेदी करेंगे।

इस अवसर पर राकेश तिवारी, शिवकुमार चतुर्वेदी, संजय चतुर्वेदी, कमल चतुर्वेदी, नीरज चतुर्वेदी, मनोज पाठक, अनिल चतुर्वेदी, सौरभ पंडित, गोपाल पाठक, राजेश चतुर्वेदी सहित युवा समिति और दुबई समिति के सदस्य उपस्थित रहे

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.