जागरण टुडे, बरेली। रेलवे ने सड़क उपयोगकर्ताओं की संरक्षा और सुगम यातायात के लिए उत्तर महत्वपूर्ण पहल की है। मुरादाबाद रेल मंडल के अंतर्गत रामपुर जिले की तहसील मिलक में दो लेन रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) और एक फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इस परियोजना का उद्देश्य मिलक-पटवाई मार्ग पर स्थित व्यस्त लेवल क्रॉसिंग को समाप्त कर सड़क और रेल यातायात को सुरक्षित एवं निर्बाध बनाना है।
उत्तर रेलवे के अधिकारियों के अनुसार यह निर्माण कार्य मुरादाबाद-लखनऊ रेल खंड पर लेवल क्रॉसिंग संख्या 386/सी और 385/बी के स्थान पर किया जाएगा। लेवल क्रॉसिंग संख्या 386/सी की जगह दो लेन आरओबी तथा 385/बी की जगह 3 मीटर चौड़ा एफओबी बनाया जाएगा, जिससे पैदल यात्रियों और वाहनों दोनों को सुविधा मिलेगी।
यह परियोजना रेलवे और राज्य सरकार की संयुक्त पहल है। कुल 106.15 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना में रेलवे की हिस्सेदारी 26.78 करोड़ रुपये और राज्य सरकार की हिस्सेदारी 79.36 करोड़ रुपये होगी। निर्माण पूरा होने के बाद मिलक, पटवाई और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को भारी ट्रैफिक और जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि इस परियोजना का प्रमुख उद्देश्य लेवल क्रॉसिंग को समाप्त कर आवागमन को सुगम बनाना और दुर्घटनाओं की संभावना को कम करना है। उन्होंने कहा कि आरओबी बनने के बाद शाहबाद से आने वाला यातायात सीधे पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग-24 से जुड़ सकेगा, जिससे किसानों, व्यापारियों और स्थानीय निवासियों को तेज, सुरक्षित और सतत यातायात की सुविधा मिलेगी।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का प्रस्ताव स्वीकृति के लिए संबंधित विभागों को भेजा जा चुका है और स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। रेलवे प्रशासन ने विश्वास जताया कि इस तरह की संयुक्त परियोजनाएं सड़क और रेल सुरक्षा को नई दिशा देंगी और यात्रियों की सुविधा में व्यापक सुधार लाएंगी।