जागरण टुडे, मथुरा। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर शुक्रवार को मथुरा में सरदार@150 यूनिटी मार्च एक भारत, आत्मनिर्भर भारत कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी रहे।
सेठ बीएन पोद्दार इंटर कॉलेज ग्राउंड पर आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत में मंत्री ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट, प्रांतीय रक्षक दल, मंगल दल और स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। इसके बाद हरी झंडी दिखाकर सरदार@150 यूनिटी मार्च पदयात्रा आरंभी की। रन फॉर यूनिटी रैली सेठ बीएन पोद्दार कॉलेज से टैंक चौराहा, मच्छी फाटक पुल, धौली प्याऊ तिराहा होते हुए रेलवे ग्राउंड स्थित ब्रज रज उत्सव स्थल पहुंच कर संपन्न हुई। इसमें सांसद तेजवीर सिंह, विधायक श्रीकांत शर्मा, पूरन प्रकाश, मेघश्याम सिंह, राजेश चौधरी, एमएलसी ओम प्रकाश सिंह, डीएम चंद्र प्रकाश सिंह, सीडीओ मनीष मीना आदि अधिकारी सम्मिलित हुए।
विचार, उद्देश्य और कार्य एक हो जाए तो असंभव भी हो जाता है संभव
ब्रज रज उत्सव स्थल पर आयोजित समारोह में मंत्री ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “राष्ट्रीय एकता दिवस उस विचार का प्रतीक है, जिसने सैकड़ों रियासतों को जोड़कर एक अखंड भारत का निर्माण किया। सरदार पटेल का जीवन इस सत्य का उदाहरण है कि जब विचार, उद्देश्य और कार्य एक हो जाएं, तो असंभव भी संभव हो जाता है।” उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए राष्ट्रीय एकता सबसे प्रमुख आधार है।
इस अवसर पर मंत्री ने विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। बॉलीबॉल में सूरज चौधरी, एथलेटिक्स में अमित कुमार और सोनिया उपाध्याय, रोलर स्केटिंग में आदर्श प्रताप सिंह, फेंसिंग में जीतू गोला और प्रियंका पांडेय, कुश्ती में अभिलाषा मालिक और कृष्णा, तथा फुटबॉल में प्रिया धनगर, प्रीति वर्मा, रोशनी और तनुज को सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि सरदार पटेल के त्याग और समर्पण से ही आज का भारत एक सूत्र में बंधा है। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता और समाज सेवा के माध्यम से एकता और विकास में योगदान देने का आह्वान किया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, जिला प्रशासन, खेल विभाग मथुरा, युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता और युवा चेतना का प्रतीक बन गया।