कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को चौबारी रामगंगा घाट पर आस्था और श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। लाखों श्रद्धालुओं ने रामगंगा में डुबकी लगाई, पूजा-अर्चना की और दान-पुण्य किया। कई परिवारों ने बच्चों के मुंडन संस्कार भी कराए। सुबह से शाम तक श्रद्धालुओं का घाट पर पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।
मंगलवार रात से ही ट्रैक्टर-ट्राली, टेंपो, कार और बाइक से श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। बुधवार तड़के ब्रह्म मुहूर्त से ही स्नान का क्रम शुरू हो गया और पूरे क्षेत्र में जयकारे गूंजते रहे। सूर्योदय के साथ मेले में भीड़ बढ़ती चली गई। भक्तों ने पतित-पावनी रामगंगा में डुबकी लगाकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। कई श्रद्धालु रेत पर बने टेंटों में भजन-कीर्तन में लीन दिखे। मेले में खरीदारी और नखासा क्षेत्र में पशुओं की बिक्री भी होती रही। भीड़ के चलते दिनभर सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रही।
सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम
मेले में पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए थे। घाटों पर बेरिकेडिंग, साफ-सफाई और मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। एसपी सिटी मानुष पारिक पुलिस बल के साथ दिनभर मेले का निरीक्षण करते रहे। भीड़ पर निगरानी के लिए ड्रोन कैमरे और वॉच टावर लगाए गए थे। हर प्वाइंट पर पुलिस कर्मी मुस्तैद रहे।