जनपद बरेली के आंवला कस्बा के चांदनी चौक बाजार में मंगलवार दोपहर बाइक खड़ी करने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते तूल पकड़ लिया और मामला मारपीट और लूटपाट तक पहुंच गया। घटना में एक युवक को चोटें आईं हैं। युवक का आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके गले से चैन छीन ली गई।
बरेली के आंवला तहसील क्षेत्र के गांव इसरापुर निवासी सनी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह मंगलवार दोपहर घर का सामान खरीदने के लिए चांदनी चौक बाजार गया था। उसने अपनी बाइक एक दुकान के पास खड़ी की और पास की दूसरी दुकान से सामान लेने लगा। इसी दौरान पास की दुकान का दुकानदार बाइक खड़ी करने को लेकर भड़क गया और विवाद शुरू कर दिया। सनी का आरोप है कि दुकानदार ने गाली-गलौज करते हुए उसकी पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान उसकी चांदी की चेन छीन ली गई और आरोपित ने उसे जान से मारने की धमकी दी। शोर-शराबा सुनकर मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पीड़ित सनी ने आंवला पुलिस थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना पुलिस के अनुसार, मामले की प्रारंभिक जांच चल रही है और संबंधित पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद उचित विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से बाजार क्षेत्र में चर्चा का माहौल है, और व्यापारी वर्ग ने ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस के अलर्ट रहने की मांग की है।