जनपद बरेली के कस्बा आंवला स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में स्टाफ से रंगदारी मांगने और गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। इस घटना से डॉक्टरों और कर्मचारियों में आक्रोश है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्रांतीय चिकित्सा संघ के सचिव डॉ. सौरभ सिंह और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनय कुमार पाल के नेतृत्व में चिकित्सकों का एक प्रतिनिधिमंडल आंवला थाने के प्रभारी निरीक्षक कुंवर बहादुर सिंह से मिला। उन्होंने ने बताया कि आंवला का एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश लगातार सीएचसी आकर स्टाफ से पैसों की मांग करता है। विरोध करने पर गाली-गलौज करने के साथ गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देता है।
डॉक्टरों ने बताया कि इस कारण स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। इससे महिला मरीजों और अन्य आने वाले लोगों पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा है। उन्होंने आरोपित हिस्ट्रीशीटर और उसके दो साथियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इंस्पेक्टर कुंवर बहादुर सिंह ने चिकित्सकों को आश्वस्त किया कि मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर डॉ. सौरभ सिंह, डॉ. विनय कुमार पाल, डॉ. सुनील, डॉ. विवेक, डॉ. सलीम, डॉ. मोहम्मद अब्बास और फार्मासिस्ट सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहे।