बदायूं जिले के मूसाझाग क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा उस समय हो गया, जब चलते-चलते बाइक के आगे अचानक एक कुत्ता आ गया। हादसे में बाइक सवार महिला और पुरुष दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर 112 पुलिस टीम तुरंत पहुंची और दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, मूसाझाग थाना क्षेत्र के ग्राम हथनीभूड़ निवासी गीता देवी पत्नी चंद्रभान सिंह और अर्जुन सिंह पुत्र जसवीर बाइक (नंबर UP 24 AS 1660) पर सवार होकर किसी कार्य से जा रहे थे। जब वे फरीदपुर सानी के पास पहुंचे, तभी अचानक सड़क पार करते समय एक आवारा कुत्ता बाइक के सामने आ गया। संतुलन बिगड़ने से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई।
हादसे में गीता देवी और अर्जुन सिंह दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तत्काल 112 नंबर पर सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। बताया जा रहा है कि दोनों के सिर व पैरों में चोटें आई हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस क्षेत्र में आवारा पशुओं की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। कई बार प्रशासन से शिकायत के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों ने मांग की है कि ऐसे हादसों को रोकने के लिए प्रशासन आवारा जानवरों को नियंत्रित करने के ठोस कदम उठाए।