KASGANJ NEWS सरदार पटेल जयंती पर भाजपाइयों ने निकाली विशाल पदयात्रा — एकता, राष्ट्रभक्ति और विकास का दिया संदेश कासगंज। भारत के प्रथम गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा अमापुर विधानसभा क्षेत्र में विशाल पदयात्रा निकाली गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र चौधरी एवं जिला अध्यक्ष नीरज शर्मा उपस्थित रहे। पदयात्रा की शुरुआत सर्वहितकारी इंटर कॉलेज जसुपुरा से दीप प्रज्वलन और श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पण के साथ हुई। पदयात्रा जसुपुरा से प्रारंभ होकर वारानगर, वनुपुर, अमापुर होते हुए आनंदपुर तक निकाली गई, जिसमें सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने तिरंगा लहराते हुए “भारत माता की जय” और “सरदार पटेल अमर रहें” के नारे लगाए। पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति और एकता के संदेश से गूंज उठा। मुख्य अतिथि देवेंद्र चौधरी ने कहा कि सरदार पटेल ने 574 रियासतों को एकजुट कर भारत के एकीकरण का कार्य किया, उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि वंशवाद की राजनीति ने देश को पीछे रखा, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लाभार्थियों के खातों में पहुंच रहा है, जिससे भ्रष्टाचार पर लगाम लगी है। जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा ने कहा कि सरदार पटेल की जयंती हमें एकता और अखंडता का संदेश देती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि बिना जाति-पात के, एक भारत-श्रेष्ठ भारत के निर्माण में योगदान दें। कार्यक्रम में भाजपा विधायक हरिओम वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष के.पी. सिंह सोलंकी, जिला महामंत्री राजवीर भल्ला, ओबीसी आयोग सदस्य महेंद्र सिंह राणा, ब्लॉक प्रमुख विजेंद्र वर्मा, युवा जिला अध्यक्ष कुलदीप प्रतिहार सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने पदयात्रा के माध्यम से एकता, राष्ट्रभक्ति और सेवा भाव का संदेश दिया।
लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: November 11, 2025