श्रीकृष्ण जन्मभूमि मस्जिद विवाद के मुख्य हिंदू पक्षकार पं. दिनेश फलाहारी बुधवार को बागेश्वर पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री की सनातन हिंदू एकता पदयात्रा में शामिल हुए। लगभग चार किलोमीटर तक चली पदयात्रा के बाद इंटर कॉलेज परिसर में विशाल सभा का आयोजन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए बागेश्वर सरकार धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि अपने पूर्ण वैभव को प्राप्त करेगी और अवश्य मुक्त होगी। उन्होंने कहा कि “हमारे फलाहारी जी की तपस्या व्यर्थ नहीं जाएगी, मथुरा की भूमि से मुगलकालीन इस्लामिक संरचना हटेगी।”
शास्त्री ने पं. दिनेश फलाहारी की तपस्या की सराहना करते हुए कहा कि वे पिछले चार वर्षों से नंगे पैर रहकर और अन्न त्याग कर धर्मयुद्ध का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने मंच से कहा कि अयोध्या के बाद अब मथुरा में भी भव्य और दिव्य मंदिर का निर्माण निश्चित है।
सभा को संबोधित करते हुए पं. दिनेश फलाहारी ने कहा कि उन्हें समस्त संत समाज और बागेश्वर सरकार का आशीर्वाद प्राप्त है। उन्होंने कहा कि “हमने न्यायालय में संपूर्ण पत्रावली प्रस्तुत कर दी है, हमें विश्वास है कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि विवाद में न्याय अवश्य मिलेगा।” उन्होंने बताया कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास पूरे भारतवर्ष में जनजागरण के माध्यम से चेतना का संचार कर रहा है।
इस अवसर पर बागेश्वर सरकार ने पं. दिनेश फलाहारी के उस आग्रह को भी स्वीकार किया, जिसमें उन्होंने ब्रज क्षेत्र में मुसलमानों को यात्रा में प्रवेश न कराने का अनुरोध किया था। सभा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।