जागरण टुडे, प्रभारी गुड्डू यादव,कासगंज।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल के कासगंज आगमन पर व्यापारियों ने उनका भव्य स्वागत किया। प्रदेश-व्यापी दौरे पर निकले श्री कंछल जनपदों में व्यापारियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं व सुझावों का संकलन कर रहे हैं। इसी क्रम में आज कासगंज के व्यापारियों ने प्रमुख मुद्दों पर उनका ध्यान आकर्षित किया, जिसमें सबसे गंभीर मसला स्मार्ट मीटरों और बढ़ते बिजली बिलों का रहा।
जिला अध्यक्ष सतीश गुप्ता ने प्रांतीय अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि नगर में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं। स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं को पहले से कहीं अधिक बिल चुकाने पड़ रहे हैं, जिससे आम व्यापारी और घरेलू उपभोक्ता दोनों ही त्रस्त हैं। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग उपभोक्ता हितों की अनदेखी कर रहा है, इसलिए इस मामले में सरकार को तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिए।
नगर अध्यक्ष अखिलेश अग्रवाल ने घरेलू और कमर्शियल बिजली दरों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब उत्पादित बिजली एक ही है, तो घरेलू और व्यापारिक उपभोक्ताओं से अलग-अलग दरें वसूलना अनुचित है। उन्होंने कमर्शियल उपभोक्ताओं पर लगाए जा रहे फिक्स चार्ज को अवैध बोझ बताते हुए इसे समाप्त करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि बिजली दरों की बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटरों के विवाद ने व्यापारियों की आर्थिक व्यवस्था को प्रभावित किया है।
जिला उपाध्यक्ष संजय माहेश्वरी ने व्यापारियों के लंबित भुगतानों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार जिस प्रकार अपने बकाये की वसूली सख्ती से करती है, उसी प्रकार उसे जीएसटी रजिस्टर्ड व्यापारियों का बकाया भी समय से भुगतान कराना चाहिए। उन्होंने एमएसएमई से जुड़े विवादों के त्वरित निस्तारण की भी आवश्यकता जताई।
कार्यक्रम के दौरान होड़ीलपुर निवासी विकास मिश्रा को जिला उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। उपस्थित व्यापारियों ने उनका स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर जय सिंह वर्मा, अनिल अग्रवाल, राकेश गर्ग, रजत बिरला, अंकिश अग्रवाल, असरार सेफी, मनोज अग्रवाल, प्रदीप गुप्ता, गौरव गुप्ता, राहुल भारद्वाज सहित अनेक पदाधिकारी एवं व्यापारी उपस्थित रहे।
---