Friday, January 30, 2026

Mathura News: बिहार की जीत पर मथुरा में भाजपा का विजयोत्सव

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: November 15, 2025

Mathura News: बिहार की जीत पर मथुरा में भाजपा का विजयोत्सव

जागरण टुडे, मथुरा

बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की अभूतपूर्व और प्रचंड जीत के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी महानगर मथुरा द्वारा शुक्रवार शाम होलीगेट चौराहा पर भव्य विजयोत्सव का आयोजन किया गया। मिष्ठान वितरण और आतिशबाज़ी के बीच कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। दिनभर शहर के भाजपा कार्यालयों में बधाई देने वालों की भीड़ जुटी रही और पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल रहा।

मथुरा–वृंदावन विधायक एवं पूर्व ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने विजय को देश की जनता की निर्णायक इच्छा बताते हुए कहा कि बिहार में मिली ऐतिहासिक सफलता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, विकास की राजनीति और सुशासन के प्रति जनता के भरोसे की स्पष्ट मुहर है। उन्होंने कहा कि जनता ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया कि वह जातिवाद, परिवारवाद और नकारात्मक राजनीति को नकारकर विकास और राष्ट्रवाद के रास्ते को चुनना चाहती है। यह जीत सबका साथ, सबका विकास की विचारधारा की विजय है।

श्री शर्मा ने मथुरा के कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को और मजबूत करने, जनता से जुड़ने तथा आगामी अभियानों में सक्रिय रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल बिहार की नहीं, बल्कि पूरे देश के राजनीतिक वातावरण का संकेत देती है। भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव ने इस जीत को प्रधानमंत्री मोदी की दूरदृष्टि, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जनता के विश्वास और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह विजय बिहार के विकास और समृद्धि के नए अवसर खोलेगी। कार्यकर्ताओं ने बिहार सरकार की पिछली उपलब्धियों को याद करते हुए जनहित कार्यों को और गति देने का संकल्प लिया।

मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा ने भी इसे प्रधानमंत्री के भरोसे और नीतीश कुमार के विकास कार्यों की जीत बताया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें पूर्व महानगर अध्यक्ष चेतन स्वरूप पाराशर, मुकेश खंडेलवाल, मूलचंद्र गर्ग, रामकिशन पाठक, मदन मोहन श्रीवास्तव, योगेश आभा, हेमंत खंदौली, विजय शर्मा पार्षद, नरेश शर्मा बब्बू, ललित अग्रवाल, दीपक गोला, तरुण सैनी, सुभाष यादव सहित अनेक लोग शामिल रहे। उत्सव कार्यकर्ताओं की एकजुटता और उत्साह का प्रतीक बना।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.