जनपद बरेली स्थित थाना किला परिसर में बच्चों के लिए‘वात्सल्य कक्ष’बनाया गया है, जिसका शनिवार को एसपी सिटी मानुष पारीक और एएसपी सोनाली मिश्रा ने फीता काटकर उद्घाटन किया। यहां थाना परिसर में रहने वाले पुलिस कर्मियों और पीड़ित महिलाओं के बच्चों को सुरक्षित, सहज और सकारात्मक माहौल मिलेगा।
एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि ‘वात्सल्य कक्ष’का निर्माण प्रत्येक सर्किल में बनाया जाना है। बरेली जनपद में इसकी शुरूआत शहर के सेकेंड सर्किल से हुई है।‘वात्सल्य कक्ष विशेष रूप से पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामलों और पुलिस कर्मियों के बच्चों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगा। उन्होंने कहा- “हमारा उद्देश्य किसी भी परिस्थिति में थाने आने वाले बच्चे तनाव-मुक्त और सुरक्षित महसूस करें।
‘वात्सल्य कक्ष’ उद्घाटन के अवसर प्रभारी निरीक्षक किला सुभाष कुमार भी मौजूद रहे। एसपी सिटी और एएसपी ने बच्चों के लिए कक्ष में बनाए चित्रों को देखा और पुलिस की इस पहल की सराहना की। एएसपी सोनाली मिश्रा ने कहा कि ऐसे माहौल में बच्चे घबराते नहीं हैं और कानूनी प्रक्रिया में उनका सहयोग आसान होता है।