जागरण टुडे, कासगंज।
जनपद के सहावर की पूर्व चेयरपर्सन एवं समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता जाहिदा सुल्तान द्वारा सहावर स्थित अपने बंगले पर SIR फॉर्म भरवाने के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और अपने SIR फॉर्म भरवाए। कैंप में आए ग्रामीणों की हर संभव सहायता की गई तथा उन्हें प्रक्रिया संबंधी पूरी जानकारी भी दी गई।
जाहिदा सुल्तान ने बताया कि कई लोग SIR फॉर्म भरने की प्रक्रिया को लेकर अनजान हैं, जिसके कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में यह शिविर लोगों को जागरूक करने और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा आम जनता के साथ खड़ी रही है और इसी मिशन को आगे बढ़ाते हुए यह सेवा कार्य किया जा रहा है।
कैंप आयोजन के साथ ही जाहिदा सुल्तान पटियाली तहसील क्षेत्र के कई गांवों में भी पहुंचीं। वहां उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में SIR फॉर्म भरवाने की अपील की। गांवों में आयोजित जनसंपर्क के दौरान उन्होंने लोगों को SIR के महत्व और उसके लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कई स्थानों पर उन्होंने स्वयं ग्रामीणों के फॉर्म भरवाकर यह सुनिश्चित किया कि किसी भी पात्र व्यक्ति का फॉर्म छूट न जाए।
इस दौरान उनके साथ उनकी पूरी टीम मौजूद रही, जो शिविर से लेकर गांवों तक सक्रिय रूप से SIR फॉर्म भरने का कार्य करती रही। टीम द्वारा लोगों को चरणबद्ध तरीके से प्रक्रिया समझाई गई और मौके पर ही फॉर्म भरे गए। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के शिविर से उन्हें काफी सुविधा मिली है और समय की भी बचत हुई है।
जाहिदा सुल्तान ने आश्वासन दिया कि आगे भी क्षेत्र में ऐसे शिविर लगाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को लाभ पहुंचाया जा सके।