बरेली। थाना बिशारतगंज क्षेत्र में एक फार्मासिस्ट ने दोस्ती के बहाने ब्रेनवॉश कर धर्म परिवर्तन कराने और फिर बड़े साइबर फ्रॉड में फंसाने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित अमरीश गोस्वामी ने एसएसपी से शिकायत कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वार्ड नंबर 7 निवासी अमरीश ने बताया कि वर्ष 2023 में ग्राम शहबाजपुर में मेडिकल स्टोर किराए पर लेने के बाद दुकान मालिक का भतीजा समीर उनसे घुलने मिलने लगा। बातचीत बढ़ने पर समीर और उसके परिजनों द्वारा धार्मिक टिप्पणियां की जाने लगीं और उन पर दूसरे धर्म अपनाने का दबाव बनाया गया।
“नियाज़ खिलाकर किया माइंड वॉश”
अमरीश ने आरोप लगाया कि समीर के परिवारजन हर गुरुवार नियाज़ का खाना लाते, जिससे धीरे-धीरे उनका मानसिक प्रभाव बढ़ता गया। कुछ समय बाद उन्होंने पूजा-पाठ करना भी छोड़ दिया।
मस्जिद ले जाकर कलमा पढ़वाने का आरोप
पीड़ित के अनुसार, कई बार उन्हें मस्जिद ले जाकर कलमा पढ़वाया गया और गौमांस खाने के लिए दबाव बनाया गया। विरोध करने पर भावनात्मक दबाव डालकर चुप कराया जाता था।
मुंबई ले जाकर 14 बैंक खाते खुलवाए
अमरीश का कहना है कि इसके बाद समीर उसे मुंबई ले गया, जहां उसके दस्तावेजों का उपयोग कर 14 अलग-अलग बैंकों में खाते खुलवाए गए। बाद में पता चला कि इन खातों का प्रयोग बड़े साइबर फ्रॉड में किया गया है। विरोध करने पर उसे धमकाकर चुप रहने को कहा गया।
एसएसपी से कार्रवाई की मांग
पीड़ित ने पूरे प्रकरण की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से करते हुए आरोप लगाया कि यह एक सुनियोजित साजिश थी, जिसमें कई लोग शामिल थे। उन्होंने आरोपियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।