मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में गावी हस्तक्षेप ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों का अभिमुखीकरण कार्यक्रम गावी जीरो डोज़ कार्यक्रम के तहत आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला प्रतिरक्षित अधिकारी डॉ. रोहतास सिंह ने की। वहीं सीएमओ कार्यालय से पब्लिक हेल्थ एक्सपर्ट डॉ. अनुज चौधरी, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी तथा सभी सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि—श्री जीतेंद्र सिंह (DMC), एसएमनेट, VCCM, UNDP डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर, JSI और गावी जीरो डोज प्रोग्राम के सीएसओ कोऑर्डिनेटर तथा क्लस्टर कोऑर्डिनेटर्स अमित कुमार और सुमित कुमार—उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत सीएसओ कोऑर्डिनेटर गावी द्वारा की गई। उन्होंने गावी जीरो डोज़ कार्यक्रम का संक्षिप्त परिचय देते हुए बताया कि यह पहल उन बच्चों तक टीकाकरण की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए है, जो अब तक किसी भी वैक्सीन की पहली खुराक से वंचित रह गए हैं। उन्होंने नियमित टीकाकरण के महत्व, टीकाकरण से बचाव होने वाली बीमारियों, तथा टीकाकरण के बाद होने वाले सामान्य प्रतिकूल प्रभावों और उनके समाधान के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने ग्राम प्रधानों को वीएचएसएनडी बैठकों में उनकी भूमिका बताई और समझाया कि स्थानीय नेतृत्व टीकाकरण कवरेज को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। साथ ही ‘जीरो डोज़ बच्चों’ और ‘लेफ्ट आउट–ड्रॉप आउट बच्चों’ की पहचान, सूचीकरण और फॉलोअप की प्रक्रिया भी समझाई गई। ग्राम प्रधानों को बताया गया कि वे अपने स्तर पर जागरूकता गतिविधियों, सर्वेक्षण, आशा-आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग और सामुदायिक सहभागिता से अपने गांव को पूर्ण टीकाकरण की दिशा में आगे बढ़ा सकते हैं।
अंत में, वीडियो क्लिप के माध्यम से नियमित टीकाकरण की उपयोगिता और उसके स्वास्थ्य लाभों को सरल तरीके से प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी ग्राम प्रधानों ने शपथ ली कि वे अपनी ग्राम पंचायत को स्वस्थ बनाने, प्रत्येक बच्चे के टीकाकरण को सुनिश्चित करने और किसी भी बच्चे को टीकाकरण से वंचित न रहने देने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएँगे। इसी के साथ अभिमुखीकरण कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।