विधानसभा-118 बहेड़ी में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले बी.एल.ओ. एवं सुपरवाइज़र को जॉइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया। जिन कार्मिकों ने अपने क्षेत्र में 100 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाया, उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं ट्रैक सूट भेंट किए गए।
अधिकारियों ने बताया कि मतदाता सूची के प्रगाढ़ पुनरीक्षण में समयबद्धता और सटीकता अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे में जिन बी.एल.ओ. और सुपरवाइज़रों ने अपने कार्य में समर्पण, निष्ठा व अनुशासन का परिचय दिया है, वे वास्तव में प्रशंसा के पात्र हैं। उनके उत्कृष्ट योगदान ने अभियान को गति प्रदान की है और मतदाताओं तक आवश्यक सूचनाएँ समय पर पहुँच सकीं।
कार्यक्रम के दौरान जॉइंट मजिस्ट्रेट ने कहा कि यह सम्मान केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे प्रशासनिक ढांचे की कार्यकुशलता का प्रतीक है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी कार्मिक इसी प्रकार आगे भी जिम्मेदारी और ईमानदारी से कार्य करते रहेंगे।
सम्मान समारोह में संबंधित अधिकारी, कर्मचारी तथा अन्य मौजूद जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।