जनपद मथुरा के गोवर्धन में शुक्रवार सुबह गिरिराज पर्वत की तलहटी में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संयुक्त संदेश देते हुए विशेष अभियान चलाया गया। जतीपुरा क्षेत्र में पर्यावरण प्रेमी पंडित दाऊदयाल शर्मा ने अपने जन्मोत्सव पर पौधारोपण कर लोगों को प्रकृति से जुड़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने तलहटी क्षेत्र में देश-कदम, पाकर, गुलर, पीपल और कैथ सहित कुल 11 पौधों का रोपण किया।
वीडियो देखें- https://youtu.be/ShpO_UMzfYw?si=dLjl267aB3Y-K92y
राष्ट्रीय स्वयंसेवक कार्यकर्ता श्याम सुंदर उपाध्याय ने बताया कि पंडित दाऊदयाल शर्मा वर्षों से वृक्षों की सेवा और संरक्षण में जुटे हुए हैं। वे प्रतिदिन पौधों को सींचने और उन्हें सुरक्षित रखने के लिए समय निकालते हैं। उपाध्याय ने कहा कि यदि हर परिवार किसी शुभ अवसर—विशेषकर जन्मोत्सव—पर एक पेड़ लगाने का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा मिल सकती है और प्रकृति का संतुलन भी बना रहेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि वृक्ष केवल जीवनदायी नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत के भी प्रतीक हैं। इसलिए हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए पौधारोपण और स्वच्छता के प्रति जागरूक होना चाहिए।
कार्यक्रम में बाबा श्याम दास दंडोता वाले, राहुल फौजदार, विक्रम फौजदार, वनों फौजदार, भानु भारद्वाज, चंद्रशेखर शर्मा, गगन शर्मा, वाशु शर्मा, गुंजन शर्मा समेत कई स्थानीय लोग शामिल हुए। सभी ने पौधों की सुरक्षा और नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। इस अभियान से क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक संदेश गया।