साइबर ठगों ने डिफेंस कॉलोनी के एक पेंशनर को लाइफ सर्टिफिकेट अपडेट कराने का झांसा देकर ओटीपी लिया। उसके बाद मिनटों में उनके बैंक खाते से 25 लाख रुपये उड़ा दिए। पीड़ित की तहरीर पर साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ठगों की डिटेल खंगाली जा रही है।
इज्जतनगर थाना क्षेत्र के डिफेंस कॉलोनी निवासी अनन्त कुमार ने बताया कि एक दिसंबर को अनिल शर्मा नाम के एक व्यक्ति का उनके मोबाइल पर फोन आया। जिसने खुद को अधिकारी बताते हुए कहा कि आपका लाइफ सर्टिफिकेट अपडेट नहीं है, मैं करा देता हूं, लेकिन ओटीपी बताए बिना ये नहीं होगा। अनन्त कुमार ने बगैर कुछ सोचे समझे उसके झांसे में आकर ओटीपी बता दिया। अगले दिन सुबह जब पीएनबी ऐप खोला तो खाते से पूरे 25 लाख रुपये गायब थे। पीड़ित के मुताबिक, खाते से लगातार ट्रांजक्शन करके रकम उड़ा ली गई। घबराए अनन्त कुमार ने जाकर तहरीर दी, जिस रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ठग के मोबाइल नंबर के जरिए गिरोह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
महिला ठग ने लिंक भेज कर पांच लाख रुपये उड़ाए
ठीक इसी तरह बहेड़ी थाना क्षेत्र के मोहल्ला जाजूनगर निवासी दिलीप कुमार के साथ भी हुआ। दिलीप कुमार के अनुसार उनके मोबाइल पर राधिका नामक महिला की आईडी से एक लिंक भेजा गया। जिस पर ओएसएल ट्रेडिंग लिखा गया था। उसी के जरिए नया व्यापार करने का झांसा दिया गया। आरोप है कि राधिका ने सोशल मीडिया पर पहले उससे दोस्ती की। इसके बाद व्यापार करने के लिए उन्हें प्रेरित की। राधिका ने बताया कि इससे काफी मुनाफा होता है और पूरी तरह से सुरक्षित है। 21 से 25 सितंबर तक करीब आठ बार में पांच लाख रुपये लगाए गए। मगर कोई मुनाफा न होने पर उन्हें ठगी का एहसास हुआ। उसके बाद राधीका से संपर्क किया गया, मगर दोबारा संपर्क नहीं हो सका। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
फेक यूपीआई के जरिए छह लाख निकाले
बहेड़ी थाना क्षेत्र के मठ कमलानयनपुर निवासी निर्मला गंगवार ने बताया कि उनका एचडीएफसी बैंक की शाखा कर्मचारी नगर में बैंक खाता है। आरोप है कि 13 दिसंबर को उनके बैंक खाते से फेक यूपीआई बना कर कई बार में अलग-अलग कुल छह लाख रुपये निकाल लिए गए। उनके मोबाइल फोन पर लगातार मैसेज आया और उन्होंने बैंक में भी जानकारी दी। बावजूद ठगों ने उनके खाते से रुपये साफ कर दिए। साइबर क्राइम पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।