जागरण टुडे, कासगंज।
थाना कासगंज क्षेत्र के मोहल्ला भूतेश्वर में शनिवार सुबह एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतका की पहचान सपना पत्नी देवेश (उम्र करीब 38 वर्ष) के रूप में हुई है। महिला की मौत को लेकर मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं, वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका के भाई अरविंद पुत्र राजेश, निवासी गंगेश्वर कॉलोनी, थाना कासगंज ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 10:45 बजे उनके भांजे आदित्य ने फोन कर अपनी मां की मौत की सूचना दी। सूचना मिलते ही वह परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। अरविंद का कहना है कि सपना लंबे समय से बीमार चल रही थी, लेकिन ससुराल पक्ष द्वारा उसके इलाज में कोई सहयोग नहीं किया गया।
अरविंद ने बताया कि करीब दो वर्ष पूर्व उनके बहनोई देवेश किसी अन्य युवती को साथ लेकर घर से चले गए थे। इसके बाद से सपना अपने बच्चों के साथ अकेली रह रही थी। परिवार की जिम्मेदारी पूरी तरह बच्चों पर आ गई थी। मृतका का 15 वर्षीय बेटा आदित्य मजदूरी और नौकरी करके अपनी मां का इलाज करवा रहा था और घर का खर्च चला रहा था।
मायके पक्ष का आरोप है कि बीमारी के दौरान यदि समय से सही इलाज कराया जाता तो सपना की जान बच सकती थी। उन्होंने ससुराल पक्ष की लापरवाही को मौत का कारण बताया है और मामले में कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना कासगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम गृह भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
मृतका सपना अपने पीछे तीन बच्चे छोड़ गई है, जिनमें 15 वर्षीय बेटा आदित्य, 12 वर्षीय बेटी परी और 8 वर्षीय छोटी बेटी भूमि शामिल हैं। मां की अचानक मौत से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पड़ोसियों और रिश्तेदारों द्वारा परिवार को ढांढस बंधाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।