जिले में आगामी पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में 10 दिसंबर को हुई जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर पोलियो अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अभियान के दौरान पोलियो की खुराक पिलाने के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग की सभी टीमें घर-घर जाकर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के संबंध में भी जानकारी एकत्र करेंगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी घर में कोई पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रह जाए। इसके लिए प्रत्येक घर में जाकर यह जानकारी ली जाएगी कि परिवार के सभी सदस्यों की वोटर लिस्ट में मैपिंग हुई है या नहीं। इस कार्य को पोलियो अभियान के साथ समन्वय बनाकर करने के निर्देश दिए गए।
इन्हीं निर्देशों के क्रम में शनिवार, 13 दिसंबर 2025 को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधा बल्लभ ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बलदेव का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र की कोल्ड चेन व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया और यह परखा कि पोलियो वैक्सीन का सुरक्षित भंडारण तय मानकों के अनुरूप किया जा रहा है या नहीं। साथ ही उन्होंने पोलियो अभियान से संबंधित सभी तैयारियों की मौके पर समीक्षा की।
सीएमओ ने अपने सामने ही पोलियो पर्यवेक्षकों को अभियान से जुड़ी आवश्यक सामग्री का वितरण कराया और निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चिकित्सा अधीक्षक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बलदेव को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि रविवार को सभी पोलियो बूथ पूरी तरह क्रियाशील रहने चाहिए। अधिक से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
डॉ. राधा बल्लभ ने कहा कि पोलियो उन्मूलन के लक्ष्य को बनाए रखने के लिए प्रत्येक बच्चे तक वैक्सीन पहुंचाना अनिवार्य है। साथ ही, SIR से जुड़ी जानकारी का संकलन भी पूरी गंभीरता से किया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से बाहर न रह सके। स्वास्थ्य विभाग की टीमें पूरी मुस्तैदी से अभियान को सफल बनाने में जुटी हुई हैं।