नगर निगम मथुरा द्वारा ऑटो रिक्शा और ई-रिक्शा चालकों से टैक्स के नाम पर की जा रही कथित अवैध वसूली और उत्पीड़न के विरोध में समाजवादी पार्टी खुलकर मैदान में उतर आई है। बाबा साहब अम्बेडकर वाहिनी समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष रमेश सैनी के नेतृत्व में सपा का एक प्रतिनिधिमंडल रविवार को धौलीप्याऊ स्थित रेलवे ग्राउंड पहुंचा, जहां आंदोलित ऑटो और ई-रिक्शा चालकों से मुलाकात कर उन्हें अपना समर्थन दिया।
इस दौरान समाजवादी पार्टी के नेताओं ने चालकों की समस्याओं को सुना और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए। महानगर उपाध्यक्ष देवेन्द्र निषाद ने कहा कि समाजवादी पार्टी हर उस व्यक्ति के साथ खड़ी है, जो अन्याय और शोषण का शिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम द्वारा टैक्स के नाम पर दबाव बनाकर चालकों से अवैध वसूली की जा रही है, जिससे उनकी रोजी-रोटी पर सीधा असर पड़ रहा है।
बाबा साहब अम्बेडकर वाहिनी के महानगर अध्यक्ष रमेश सैनी ने कहा कि समाजवादी पार्टी की विचारधारा हमेशा से पीड़ित, शोषित और वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा करने की रही है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नगर निगम की ओर से ऑटो रिक्शा और ई-रिक्शा चालकों पर जो दबाव बनाया जा रहा है, वह किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सपा अन्याय के खिलाफ सड़क से लेकर प्रशासन तक संघर्ष करेगी।
रमेश सैनी ने ऐलान किया कि इस मुद्दे को लेकर 15 दिसंबर 2025 को सुबह 11 बजे से एक बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन छात्रावास स्थित वट वृक्ष धरना स्थल से शुरू होकर जिलाधिकारी कार्यालय तक जाएगा, जहां जिलाधिकारी मथुरा को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा जाएगा। उन्होंने चालकों से एकजुट होकर आंदोलन में शामिल होने की अपील भी की।
इस मौके पर मजदूर सभा के महानगर अध्यक्ष मुकेश सैनी, एडवोकेट विकास कुमार, मुकेश नेताजी, राजकुमार दिवाकर, योगेन्द्र शास्त्री, श्याम सिंह, राजसिंह, थान सिंह, अशरफ, कपिल, शोहिल, रवि सैनी समेत बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और ऑटो-ई रिक्शा चालक मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में अवैध वसूली के खिलाफ संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।