जनपद बरेली के फतेहगंज पश्चिमी में संचालित सीबीएसई से संबद्ध सृजन इंटरनेशनल स्कूल के प्रांगण में तीन दिवसीय एथलेटिक्स एवं खेलकूद प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन स्कूल के चेयरमैन ब्रिगेडियर वी.के. सिंह एवं प्रधानाचार्य के दिशा-निर्देशन में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं क्षेत्रीय विधायक डॉ. डी.सी. वर्मा तथा स्कूल के चेयरमैन ब्रिगेडियर वी.के. सिंह ने मां सरस्वती एवं भारत के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद जी के चित्र पर संयुक्त रूप से माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। इसके उपरांत छात्र-छात्राओं को सच्ची खेल भावना की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई, वहीं आकर्षक मार्च पास्ट एवं मशाल दौड़ के माध्यम से प्रतिभागियों ने मुख्य अतिथियों को सलामी दी।
एथलेटिक्स चैंपियनशिप के अंतर्गत दौड़, कबड्डी, वॉलीबॉल, खो-खो, ताइक्वांडो सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों ने जीत के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा की। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने सफल आयोजन के लिए विद्यालय परिवार एवं शिक्षकों को बधाई दी।
इस अवसर पर स्कूल के चेयरमैन ब्रिगेडियर वी.के. सिंह ने कहा कि सृजन इंटरनेशनल स्कूल फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र का पहला एवं एकमात्र सीबीएसई सीनियर सेकेंडरी स्कूल है। उन्होंने बताया कि 37 वर्षों की सैन्य सेवा के अनुभव के आधार पर उनका दृढ़ विश्वास है कि अनुशासन, चरित्र, नैतिक आचरण और मानवीय मूल्य शिक्षा के मूल सिद्धांत होने चाहिए, विशेषकर प्राथमिक और माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों के लिए। सीबीएसई सीनियर सेकेंडरी संबद्धता प्राप्त करना इसी लक्ष्य के प्रति उनके समर्पण का प्रमाण है। उन्होंने क्षेत्रवासियों के सहयोग और समर्थन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि आने वाली बड़ी सफलताओं की एक सशक्त शुरुआत है।