Wednesday, April 1, 2026

Mathura News: नैनो यूरिया–डीएपी को बढ़ावा, इफको ने किया प्रशिक्षण

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: December 19, 2025

Mathura News:  नैनो यूरिया–डीएपी को बढ़ावा, इफको ने किया प्रशिक्षण

जागरण टुडे, मथुरा

जनपद मथुरा स्थित कृषि विज्ञान केंद्र, दुवासु में शुक्रवार को इफको द्वारा नैनो यूरिया प्लस एवं नैनो डीएपी आधारित बिक्री केंद्र प्रभारी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आगामी रबी सीजन को ध्यान में रखते हुए नैनो उर्वरकों की बिक्री बढ़ाना और केंद्र प्रभारियों को इनके वैज्ञानिक लाभों से अवगत कराना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक सहकारिता आगरा मंडल आदित्य कुमार दुबे रहे। विशिष्ट अतिथियों में दमन लाल शर्मा, सचिव/महाप्रबंधक जिला सहकारी बैंक, सतीश चंद्र यादव, जिला प्रबंधक पीसीएफ, गुल्लामुइदीन (एडीसीओ सदर, महावन), हरिओम (एडीसीओ आगरा), डॉ. योगेश कुमार शर्मा, वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष कृषि विज्ञान केंद्र तथा इफको उप क्षेत्र प्रबंधक मथुरा सतवीर सिंह और इफको बाजार बिक्री अधिकारी राहुल मिश्रा मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ इफको उप क्षेत्र प्रबंधक द्वारा सभी अतिथियों और समिति सचिवों के स्वागत के साथ हुआ। उन्होंने नैनो यूरिया प्लस एवं नैनो डीएपी को परंपरागत दानेदार यूरिया व डीएपी का वैज्ञानिक और प्रभावी विकल्प बताते हुए कहा कि नैनो तकनीक आधारित ये उर्वरक मृदा स्वास्थ्य सुधारने, जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनके प्रयोग से उर्वरकों की खपत कम होती है और पौधों को पोषक तत्व अधिक प्रभावी ढंग से प्राप्त होते हैं।

उन्होंने केंद्र प्रभारियों से अपील की कि वे किसानों को नैनो उर्वरकों के सही उपयोग की जानकारी दें और उन्हें इन आधुनिक उर्वरकों को अपनाने के लिए प्रेरित करें। साथ ही इफको द्वारा दिए जा रहे प्रोत्साहनों और विभिन्न उत्पादों पर मिलने वाले लाभों की भी विस्तृत जानकारी साझा की गई।

वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. योगेश शर्मा ने कहा कि बदलते समय में नैनो उर्वरकों का उपयोग कृषि की आवश्यकता बन चुका है। इससे मृदा, जल और पर्यावरण की रक्षा के साथ उत्पादन में वृद्धि संभव है। उन्होंने विक्रेताओं से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने पर जोर दिया।

मुख्य अतिथि आदित्य कुमार दुबे ने इफको के प्रबंधन और कार्यशैली की सराहना करते हुए समिति सचिवों से जिले में नैनो उर्वरकों की बिक्री बढ़ाने में सक्रिय सहयोग की अपील की। कार्यक्रम में लगभग 45 से 50 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.